ऑकलैंडः न्यूजीलैंड के युवा बल्लेबाज बेवन जैकब्स ने फोर्ड ट्रॉफी 2026-27 में शानदार दोहरा शतक लगाया है। ऑकलैंड की ओर से खेलते हुए उन्होंने ओटागो के खिलाफ महज 137 गेंदों में नाबाद 202 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में 21 छक्के और 7 चौके शामिल थे। जैकब्स ने अपनी पारी के 154 रन सिर्फ बाउंड्री से बनाए। 24 साल के इस बल्लेबाज ने अपनी पारी के दौरान ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जो न्यूजीलैंड के किसी भी बल्लेबाज ने लिस्ट-ए क्रिकेट में पहले नहीं किया था। वह एक पारी में 21 छक्के लगाने वाले न्यूजीलैंड के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
लिस्ट-ए क्रिकेट में उनसे ज्यादा छक्के सिर्फ ऑस्ट्रेलिया के डार्सी शॉर्ट ने लगाए हैं। शॉर्ट के नाम एक पारी में 23 छक्के लगाने का रिकॉर्ड है। जैकब्स ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की। शुरुआती 9 गेंदों पर उनका खाता भी नहीं खुला था। इसके बाद उन्होंने धीरे-धीरे रन बनाने की रफ्तार बढ़ाई। उन्होंने अपना पहला छक्का 29वीं गेंद पर लगाया। 57 गेंदों में छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद 97 गेंदों में शतक और 122 गेंदों में 150 रन पूरे किए।
आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर दोहरा शतक बनाया
आखिरी ओवर में जैकब्स ने गेंदबाज जाक कमिंग के खिलाफ लगातार तीन छक्के लगाए। इसके बाद एक गेंद खाली गई और फिर लगातार दो छक्के जड़ दिए। इस तरह उन्होंने पारी की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर अपना दोहरा शतक पूरा किया। जैकब्स की इस पारी की बदौलत ऑकलैंड ने 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 334 रन बनाए। उनका 202 रन का स्कोर ऑकलैंड एसेस के लिए लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी बन गया। इससे पहले यह रिकॉर्ड कॉलिन मुनरो के नाम था, जिन्होंने 2017-18 में 174 रन की नाबाद पारी खेली थी। जैकब्स न्यूजीलैंड के घरेलू वनडे टूर्नामेंट फोर्ड ट्रॉफी के इतिहास में दोहरा शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज भी बन गए। उनसे पहले जेमी हो और चैड बोव्स यह कारनामा कर चुके हैं।
दक्षिण अफ्रीका में हुआ था जन्म
जैकब्स का जन्म दक्षिण अफ्रीका में हुआ था। जब वह करीब तीन साल के थे, तब उनका परिवार न्यूजीलैंड आकर बस गया। उन्होंने न्यूजीलैंड में ही क्रिकेट सीखा और घरेलू क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई। 2023-24 के सुपर स्मैश टूर्नामेंट में वह पहली बार बड़े स्तर पर चर्चा में आए। कैंटरबरी किंग्स के लिए खेलते हुए उन्होंने छह पारियों में 134 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 188.73 रहा। इस प्रदर्शन ने उन्हें एक आक्रामक फिनिशर के रूप में पहचान दिलाई।
मुंबई इंडियंस ने 30 लाख रुपये में खरीदा था
बेवन जैकब्स आईपीएल में भी अपनी किस्मत आजमा चुके हैं। 2025 की मेगा नीलामी में मुंबई इंडियंस ने उन्हें 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा था। हालांकि, उन्हें उस सीजन में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला और बाद में फ्रेंचाइजी ने रिलीज कर दिया। इसके बाद उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भी जगह बनाई। वह भारत के खिलाफ हाल ही में खेली गई पांच मैचों की टी-20 सीरीज में न्यूजीलैंड की टीम का हिस्सा थे। इस सीरीज में उन्होंने एक अर्धशतक भी लगाया। हालांकि, उन्हें अभी तक वनडे इंटरनेशनल में डेब्यू का मौका नहीं मिला है।