रायपुर। बीजापुर जिले के पीड़िया में हुई मुठभेड़ पर लगातार सवाल उठा रही कांग्रेस ने यहां से भेजे गए कांग्रेस विधायकों और बस्तर के नेताओं के जांज दल की रिपोर्ट शनिवार को सार्वजनिक कर दी है। कांग्रेस ने पीड़िया मुठभेड़ की जांच के लिए जो टीम बनाई थी, उनमें संयोजक संतराम नेताम के साथ विधायक इन्द्रशाह मंडावी, विक्रम मंडावी, जनकलाल ध्रुव, सावित्री मंडावी, रजनू नेताम, शंकर कुडियम एवं छविन्द्र कर्मा को शामिल किया गया था। इस टीम ने 16 मई को पीड़िया जाकर ग्रामीणों से बातचीत की और प्रदेश कांग्रेस कमेटी को रिपोर्ट सौंपी।
प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने राजीव भवन में हुई प्रेस कांफ्रेंस में इस रिपोर्ट को रखा, जिसमें ग्रामीणों ने दावा किया है कि जिन 12 माओवादियों के मारे जाने की बात कही जा रही है, इनमें सभी माओवादी नहीं बल्कि पीड़िया और ईतावार के ग्रामीण भी थे। इस रिपोर्ट के आधार पर कांग्रेस ने पीड़िया मुठभेड़ की जांच हाईकोर्ट के जज से करवाने की मांग उठा दी है।