रायपुर। गायत्री परिवार युवा प्रकोष्ठ ने बच्चों के ग्रीष्मकालीन अवकाश का सदुपयोग करते हुए उनको संस्कारवान बनाने के लिए रविवार को व्यक्तित्व निर्माण युवा शिविर का आयोजन किया। गायत्री प्रज्ञा पीठ तेलीबांधा के समीप स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित शिविर में 80 बालक- बालिकाओं ने सम्मिलित होकर स्वस्थ व संस्कारयुक्त जीवन जीने की कला का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
गायत्री परिवार रायपुर के मीडिया प्रभारी प्रज्ञा प्रकाश निगम ने बताया कि शिविर का शुभारंभ देव आह्वान, माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रुप में स्थानीय पार्षद श्रीमती सीमा संतोष साहू एवं विशिष्ट अतिथि के रुप में गायत्री परिवार की जोन समन्वयक श्रीमती आदर्श वर्मा, जिला समन्वयक श्री लच्छूराम निषाद, इंदिरा गांधी कृषी विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक डॉ. के.के. साहू थे। श्रीमती सीमा सतोष साहू ने उद्घाटन के अवसर पर कहा कि संस्कारित युवा पीढ़ी के निर्माण से ही राष्ट्र निर्माण संभव है इसके लिये सेवा, संयम, स्वाध्याय व साधना की अनिवार्यता है।