कुआलालंपुर: मलेशिया ने भारतीय नागरिकों के लिए बिना वीजा एंट्री की सहूलियत खत्म करने का ऐलान किया है। भारतीयों को अगले साल की शुरुआत (1 जनवरी, 2027) से मलेशिया में बिना वीजा प्रवेश नहीं मिलगा। यानी भारतीय पासपोर्ट धारकों को वहां पहुंचने से पहले वैध वीजा लेना जरूरी होगा। मलेशिया के आव्रजन विभाग (JIM) ने 17 नवंबर को जारी नोटिस में 1 जनवरी से भारतीय नागरिकों की वीजा-मुक्त प्रवेश की सुविधा समाप्त करने की जानकारी दी है।
मलेशिया ने अब तक भारतीय नागरिकों को वीजा-फ्री एंट्री की सुविधा दी हुई थी। इस सुविधा का फायदा उठाते हुए भारतीय यात्री व्यापार, पर्यटन, सामाजिक कार्यों या ट्रांजिट (रास्ते में रुकने) के लिए 30 दिनों तक बिना वीजा के मलेशिया के अंदर प्रवेश कर सकते थे। नए नियमों के लागू होने पर वह ऐसा नहीं कर सकेंगे।

मलेशिया सरकार ने क्या कहा है

मलेशिया के आव्रजन विभाग ने देश में आने वाले भारतीय नागरिकों से कहा है कि वे यहां पहुंचने से पहले वैध वीजा प्राप्त कर लें ताकि किसी असुविधा से बचा जा सके। विभाग ने सलाह दी है कि वीजा के लिए आवेदन 1 दिसंबर 2026 से माईवीज (MyVISA) पोर्टल पर जमा किए जा सकते हैं।
विभाग ने बताया है कि जिन विदेशी नागरिकों को वीजा-फ्री एंट्री की सुविधा नहीं है, उन्हें देश में प्रवेश करने के लिए कम से कम छह महीने की वैधता वाला पासपोर्ट और मलेशिया में रहने के दौरान खर्च उठाने के लिए पर्याप्त वित्तीय साधनों का प्रमाण दिखाना होगा।

उच्चायोग ने जारी की थी एडवाइजरी

मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में भारतीय उच्चायोग ने करीब दो महीने पहले एक एडवाइजरी जारी कर भारतीय नागरिकों को चेतावनी दी थी कि वे 30 दिनों की वीजा-मुक्त प्रवेश सुविधा का इस्तेमाल मलेशिया में नौकरी खोजने के लिए ना करें। इस एडवाइजरी के बाद अब ये नए नियम लागू किए गए हैं।

उच्चायोग ने कहा था कि वीजा-फ्री सुविधा के तहत नौकरी खोजने के लिए आने वाले भारतीय नागरिकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। उच्चायोग ने चेतावनी दी कि वैध वर्क परमिट (काम करने की अनुमति) के बिना आने से तय समय से ज्यादा रुकने (ओवरस्टे) या अवैध रूप से वहां रहने का जोखिम पैदा होता है।

मलेशिया के नए वीजा नियम क्या है

  • नई नीति के तहत वीजा आवेदन स्टेटस सात कार्य दिवसों से अधिक समय तक नया आवेदन या भुगतान लंबित रहने पर एक्सपायर हो जाएगा।

  • अगर आवेदन एक्सपायर हो जाता है तो आगंतुकों को अपडेट किए गए वीजा फॉर्म का उपयोग करके एक नया आवेदन जमा करना होगा।

  • वीजा शुल्क वापस नहीं किया जाएगा, चाहे आवेदन का परिणाम कुछ भी हो। यानी नीति में कोई बदलाव हो या ट्रैवल प्लान में परिवर्तन आए।

  • वीजा-फ्री एंट्री खत्म करने के अलावा मलेशिया ने 1 सितंबर से 31 देशों के नागरिकों के लिए मल्टीपल-एंट्री वीजा की सुविधा सीमित कर दी है।

  • अब यह वीजा मुख्य रूप से बिजनेस, मेडिकल ट्रीटमेंट, वेडिंग टूरिज्म और फ्लाई-एंड-क्रूज के उद्देश्य से यात्रा करने वालों को दिया जा रहा है

  • मलेशिया के आव्रजन विभाग ने यात्रियों से कहा है कि वे अपनी यात्रा की अवधि के लिए ट्रैवल मेडिकल इंश्योरेंस लें।

  • जो लोग वहां के निवासी नहीं हैं, उन्हें अपने इलाज और उससे जुड़ी स्वास्थ्य सेवाओं का पूरा खर्च खुद उठाना होगा।

  • यात्री वीजा आवेदन के साथ सहायक दस्तावेज के तौर पर माईट्रिपपास का सर्टिफिकेट ऑफ इंश्योरेंस इस्तेमाल करें।