दोनों की नवंबर में होने वाली भव्य शादी की तैयारियां भी सोशल मीडिया पोस्ट का हिस्सा थीं, जो अब वायरल हैं। फरवरी में सगाई के बाद सिया ने इंस्टाग्राम पर एक केक की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था- मेरे दिल को उसका घर मिले एक महीना पूरा हुआ। उसने केतन को टैग भी किया था।
मई में केतन ने अपनी पूरा कार फूलों से सजाकर सिया को सरप्राइज दिया था। सिया ने इसका वीडियो पोस्ट कर लिखा- उसने 'पसंद है तुम्हें' वाली बात को बहुत सीरियसली से ले लिया। बैकग्राउंड में 'पसंद है तुम्हें' गाना भी बज रहा था।
एक स्टोरी में उसने केतन की तस्वीर को ‘दैट स्माइल’ कैप्शन के साथ शेयर किया था। सोशल मीडिया पर यह रिश्ता किसी परफेक्ट लव स्टोरी जैसा दिख रहा था, लेकिन सिया ने अपने जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले 18 जून को बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी (22) के साथ मिलकर मंगेतर की हत्या कर दी।
18 जून: सिया-चेतन पर लोहगढ़ किले से केतन को धक्का देने का आरोप
केतन पुणे जिले के गहुंजे के रहने वाले थे। वह परिवार की रियल एस्टेट कंपनी सक्सेस ग्रुप में डायरेक्टर और चीफ मार्केटिंग ऑफिसर थे। उन्होंने आंत्रप्रेन्योरशिप में मास्टर ऑफ साइंस की डिग्री ली थी, जबकि सिया ने एक निजी कॉलेज से कॉमर्स की पढ़ाई की थी।
सिया चेतन के साथ रिलेशनशिप में थी। इसीलिए, उसने मंगतेर केतन को मारने की साजिश रची। वह 18 जून को ट्रैकिंग के बहाने केतन को लोहगढ़ किले लेकर गई। वहां केतन की करीब 400 फीट गहरी खाई में गिरकर मौत हुई थी। सिया ने पुलिस को बताया था कि केतन का पैर फिसल गया था। पुलिस ने भी पहले हादसा मानकर केस दर्ज किया था।
जांच के दौरान पता चला कि सिया और उसके बॉयफ्रेंड चेतन (22) ने मिलकर केतन को लोहगढ़ किले से धक्का दिया था। पुलिस के मुताबिक जून की गर्मी में हुडी पहनकर लोहगढ़ किले पर घूम रहा एक युवक हत्या के केस को सुलझाने में सबसे अहम सुराग बना।
आरोपी बॉयफ्रेंड 33 डिग्री तापमान में हुडी पहना था
जांच टीम के एक अधिकारी ने बताया कि किले के टिकट काउंटर पर लगे CCTV कैमरों की जांच के दौरान हमें केतन और सिया साथ चलते दिखाई दिए। फुटेज को ध्यान से देखने पर पुलिस ने पाया कि दोनों से करीब 20 फीट पीछे एक युवक भी चल रहा था। उसने शॉर्ट्स और हुडी पहन रखी थी।
युवक ने हुडी को इतना नीचे खींच रखा था कि उसका चेहरा दिखाई नहीं दे रहा था। इसके ऊपर उसने हेडसेट भी लगा रखा था। एक दूसरी फुटेज में हमने देखा कि सिया अचानक पीछे मुड़कर देखती है और उसी समय हुडी पहना युवक झट से बैठ जाता है।
बाद में पुलिस ने उस दिन के तापमान की जांच की तो पता चला कि 18 जून को उस समय 33 डिग्री सेल्सियस तापमान था। ऐसे में सवाल उठा कि इतनी गर्मी में कोई हुडी क्यों पहनेगा। अधिकारी ने बताया कि परिवार शोक में था, इसलिए शुरुआत में ज्यादा पूछताछ नहीं की गई।
केतन से बार-बार लोहगढ़ जाने की जिद करती थी सिया
जांच के दौरान केतन के चाचा ने बताया कि सिया पहले भी शादी को लेकर संकोच जता चुकी थी और एक बार शादी एक साल टालने की बात भी कह चुकी थी। केतन की बहन संजना और अन्य परिजन से पता चला कि सिया कई बार केतन को लोहगढ़ किले ले जाने की जिद कर चुकी थी।
31 मई को वह उसे वहां ले गई थी। इसके बाद 4 जून को भी उसने वहां जाने के लिए कहा, लेकिन केतन की मां ने इजाजत नहीं दी। पुलिस के अनुसार सिया और उसका बॉयफ्रेंड चेतन, बाली (इंडोनेशिया) में होने वाले प्री-वेडिंग फोटोशूट से पहले ही केतन को रास्ते से हटाना चाहते थे।
हालांकि, आखिरी समय में ट्रिप कैंसिल हो गई, क्योंकि केतन का पासपोर्ट रहस्यमय तरीके से गायब हो गया था। पुलिस को शक है कि सिया ने ही पासपोर्ट चुराया था। इसके बाद सिया ने 14 जून को फिर लोहगढ़ जाने की जिद की।
सिया ने पहले भी केतन की हत्या की कोशिश की थी
पुलिस के अनुसार, सिया ने 14 जून को केतन को खाई में धक्का देने की कोशिश की थी, लेकिन वह झाड़ी पकड़कर बच गया। जब केतन ने पूछा कि उसे धक्का क्यों दिया गया, तो सिया ने सांप दिखने का नाटक किया और ऐसा दिखाया कि उसने केतन की जान बचाई है।
पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और डिजिटल कम्युनिकेशन डेटा की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि सिया और बॉयफ्रेंड चेतन के बीच लंबे समय से लगातार बातचीत हो रही थी। दोनों के बीच 1 जनवरी से 18 जून तक 2004 कॉल्स हुए। इससे दोनों के बीच गहरे संबंध के संकेत मिले।
चेतन की तस्वीरों का मिलान CCTV फुटेज से किया गया
पुलिस के मुताबिक चेतन की तस्वीरों और सोशल मीडिया प्रोफाइल की जांच की गई। जब उनकी तुलना CCTV फुटेज में दिख रहे हुडी वाले युवक से की गई तो शक और मजबूत हो गया। फिर पुलिस ने चेतन चौधरी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में चेतन से जब पूछा गया कि सिया और तुमने भागकर शादी क्यों नहीं की। इस पर उसने बताया कि सिया सगाई तोड़कर भागने के पक्ष में नहीं थी। उसे लगता था कि इससे उसके परिवार की बदनामी होगी। इसके बाद पुलिस ने सिया और चेतन दोनों को गिरफ्तार कर हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप में मामला दर्ज किया।