गोली चलाने वाले लोग मेरे सामने करते रहे नारेबाजी- राजीव राय
इस पूरे मामले को लेकर घोसी सांसद ने पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए हैं। कहा कि पुलिस ने किसके दबाव में मंत्री सरंक्षित उन अपराधियों पर त्वरित कार्रवाई नहीं की? विशेष बातचीत में घोसी लोकसभा के सांसद और सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव राय ने कहा कि मेरे लिए सबसे बड़ी हैरत की यह बात थी कि जिन लोगों ने गोलीबारी की थी, वही लोग नारेबाजी करते हुए मुझे रोकने का प्रयास किए।सांसद ने कहा कि मुझ पर हमले की पूरी योजना थी, लेकिन दो गुटों में श्रेय लेने की होड़ में आपस में पहले ही फायरिंग हो गई। नहीं तो मेरी गाड़ी के ठीक आगे अचानक से दो गाड़ी खड़ी करके ड्राइवर को भगा देना, उन्हीं लोगों की भीड़ के द्वारा अचानक से मुझे घेर लेना, ये सभी कोई इत्तेफाक तो नहीं हो सकता है। ऐसे में जब मैं नीचे उतरा और मेरे कार्यकर्ताओं को आभास हुआ तो वे आकर चारों तरफ से मुझे घेर लिए और सुरक्षित निकाल कर ले गए। सपा सांसद ने कहा कि मंत्री जी गुंडों को संरक्षण देना छोड़ दीजिए। अगर मैं गलत कह रहा हूं, तो आप खुद उनका ट्रैक रिकार्ड मऊ पुलिस से कभी भी निकलवाकर देख सकते हैं। यह सलाह इसलिए है, क्योंकि अपराधी और माफिया किसी के सगे नहीं होते हैं।


