भोपाल। कोलार थाना क्षेत्र स्थित ओमनगर में शनिवार को बच्चों से भरी स्कूल वैन पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने पत्थर से हमला कर दिया और रास्ता रोककर वैन चालक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए इस हमले से वैन में चीख-पुकार मच गई और बच्चे दहशत में आ गए।
वहीं चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। कोलार पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार घटना शनिवार दोपहर करीब एक बजे ओम नगर इलाके की है। घायल चालक अयाज खान, बैरागढ़ चीचली निवासी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अयाज और आरोपितों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते तीनों आरोपितों ने सुनियोजित तरीके से स्कूल वैन का रास्ता रोका और चालक पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने वैन पर पत्थर भी फेंके, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोलार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। एसआई जोगेंद्र नेगी ने बताया कि आरोपितों की पहचान नहीं हो सकी है।