सीसीटीवी, कॉल डिटेल से खुली साजिश
घटना के बाद मृतक के भाई डॉ. राव फराज वारिस ने सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने पुलिस लाइन में कहा कि हत्याकांड के खुलासे के लिए थाना सिविल लाइन और क्रिमिनल इंटेलिजेंस विंग (नगर) की संयुक्त टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान एएमयू परिसर और आसपास लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें एक संदिग्ध स्कूटी नजर आई। इसके साथ ही पुराने विवादों और सोशल मीडिया अकाउंट्स की भी जांच की गई।एसएसपी ने कहा कि इन तथ्यों के आधार पर पुलिस ने बीबी बिल्डिंग, अमीरनिशा–गोश्त वाली गली, सिफत रेजीडेंसी निवासी सलमान पुत्र मुतीक कुरैशी को गिरफ्तार किया। पूछताछ और मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) एवं घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर खुलासा हुआ कि वारदात से एक दिन पहले दो संदिग्ध युवक उसके घर आए थे।
सलमान ने कबूला गुनाह
सख्ती से पूछताछ करने पर सलमान ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उसने दोनों शूटर भाइयों को अपने घर में ठहराया था। साथ ही उन्हें घटनास्थल के पास छोड़ने और वारदात के बाद वापस बॉर्डर पार कराने में भी सहयोग किया था। पुलिस अब मुख्य साजिशकर्ता जुबैर और उसके दोनों शूटर भाइयों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा पुलिस कर रही है।दानिश राव मूल रूप से बुलंदशहर जिले के डिबाई क्षेत्र के रहने वाले थे। उनके ससुर मोहम्मद उल्लाह मुरादाबाद की ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट से पूर्व विधायक रह चुके हैं, जबकि उनके चचिया ससुर फिजा उल्लाह चौधरी मुरादाबाद के जिला पंचायत अध्यक्ष भी रहे हैं। दानिश के भाई एएमयू के इंजीनियरिंग विभाग में शिक्षक हैं। उनकी मां भी शिक्षिका रह चुकी हैं।


