लखनऊ में मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने आजमगढ़ में विकास यादव के नाम पर 10 वोट दर्ज होने के मामले को यूनिक बताया। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी आजमगढ़ को जांच के निर्देश दिए गए हैं। पता लगाया जाएगा कि एक ही व्यक्ति का नाम 10 बार कैसे दर्ज हुआ। यह मानवीय गलती है, साजिश है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में जानबूझकर गड़बड़ी करने की बात सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दावा किया था कि आजमगढ़ सदर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में विकास यादव नाम के एक व्यक्ति के नाम पर 10 जगह वोट दर्ज हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए फर्जी और अतिरिक्त वोट बनवाती है।
नवदीप रिणवा ने यह भी कहा कि 10 अप्रैल से 30 सितंबर के बीच मतदाता सूची में गड़बड़ियों को लेकर 20 ज्ञापन दिए गए थे। इन शिकायतों की जांच में करीब 85% दावे सही नहीं पाए गए, जबकि बाकी मामलों में मिली कमियों को दूर किया गया।
योगी बोले- सपा शिक्षा की दुश्मन, उसने वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया दिया
लखनऊ में शनिवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर आयोजित भाजपा सम्मेलन में सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा शिक्षा की घोषित दुश्मन है। शिक्षकों का अपमान और शिक्षा व्यवस्था की उपेक्षा उसकी राजनीति का आधार रहा है।
सपा ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ दिया, जबकि भाजपा सरकार ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज’ की दिशा में काम किया। उन्होंने मतदाताओं से परिवारवाद और वंशवाद को नकारकर योग्य प्रतिनिधि चुनने की अपील की।
यह सम्मेलन लखनऊ स्नातक क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी अवनीश कुमार सिंह और शिक्षक क्षेत्र के प्रत्याशी उमेश द्विवेदी के समर्थन में आयोजित किया गया था।
अखिलेश के आरोपों पर बोले मुख्य निर्वाचन अधिकारी- 85% बातें गलत
लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सपा ने मतदाताओं को लेकर जो आंकड़े पेश किए हैं, उनमें करीब 85% बातें गलत हैं, जबकि 15% मामलों में कुछ कमियां मिली हैं, जिन्हें दूर किया जा रहा है।
आजमगढ़ के विकास यादव के नाम पर 10 बार वोट दर्ज होने के मामले पर उन्होंने कहा कि यह एक अलग तरह का मामला है। इसकी गंभीरता से जांच कराई जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच में पता लगाया जाएगा कि एक ही व्यक्ति का नाम 10 बार कैसे आया। यह मानवीय गलती है, साजिश है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है।
नवदीप रिणवा ने कहा कि जांच में यदि किसी की जानबूझकर गड़बड़ी करने की बात सामने आती है, तो उसके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मामले की तह तक जाकर पूरी जानकारी जुटाई जाएगी।
मुरादाबाद में शनिवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने SIR के विरोध को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। दोपहर करीब 12:30 बजे जिला अस्पताल के निरीक्षण के बाद उन्होंने कहा कि विपक्ष देश में अराजकता और गुंडई को बढ़ावा दे रहा है। चुनाव जीतने पर उसे कोई कमी नजर नहीं आती, लेकिन हारते ही संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश शुरू कर देता है।
उन्होंने कहा- पहले देश में बिना वोटर आईडी कार्ड के चुनाव होते थे, तब कांग्रेस ही चुनाव जीतती थी। लेकिन 1993 से वोटर आईडी कार्ड के जरिए मतदान शुरू होने के बाद से कांग्रेस लगातार चुनाव हार रही है।
मुरादाबाद में मंत्री गुलाबो देवी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के ‘लखनऊ एक्सप्रेस का इंजन फेल हो गया है’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वो क्या कह रहे हैं, इस पर हम नहीं जाना चाहते। उनका काम है कहना।
मायावती का आरोप- फर्जी सर्वे में BSP को कमजोर दिखाने की साजिश
बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती ने आरोप लगाया कि यूपी, उत्तराखंड और पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर जातिवादी मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए फर्जी सर्वे कराकर पार्टी को कमजोर दिखाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इसे षड्यंत्र बताते हुए कहा कि चुनाव के दौरान BSP के खिलाफ मिथ्या प्रचार किया जाता रहा है।
मायावती ने 2007 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि तब भी BSP को कम करके आंका गया था, लेकिन पार्टी ने पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी।
मायावती ने सपा और भाजपा के शासन से त्रस्त सर्वसमाज, खासकर बहुजन समाज के लोगों से विरोधी दलों के कथित दुष्प्रचार से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने लोगों से अपनी पार्टी के नेतृत्व में पांचवीं बार BSP की सरकार बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया।
यूपी बीजेपी के प्रभारी विनोद तावड़े ने योगी से मुलाकात की
बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री और यूपी बीजेपी के प्रभारी विनोद तावड़े ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। दोनों के बीच विधान परिषद चुनाव और पीएम नरेंद्र मोदी के आगामी वाराणसी दौरे को लेकर बात हुई है।
उधर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले भी लखनऊ में है। सूत्रों के मुताबिक, तावड़े ने बीते तीन दिन में लखनऊ और वाराणसी का दौरा किया। दौरे में मिले फीडबैक पर सीएम योगी से बात की।
भाजपा के यूपी प्रभारी तावड़े ने सह-प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी
यूपी में 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए बीजेपी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 2 दिन के दौरे पर लखनऊ पहुंचे यूपी प्रभारी विनोद तावड़े ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के साथ लंबी चर्चा की।
चुनाव प्रबंधन को मजबूत करने के लिए सह-प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी। प्रदीप वर्मा को अवध-गोरखपुर, जगदीश पटेल को काशी-कानपुर, अनंत ओझा को बृज-पश्चिम और मेधा कुलकर्णी को लखनऊ क्षेत्र का जिम्मा दिया।
बुलंदशहर में 28 अक्टूबर को प्रस्तावित बसपा के राष्ट्रीय कोर्डिनेटर आकाश आनंद की जनसभा से पहले भाजपा को बड़ा झटका लगा है। अनूपशहर विधानसभा क्षेत्र से जहांगीराबाद ब्लॉक प्रमुख और सांसद डॉ. भोला सिंह के करीबी माने जाने वाले मनोज प्रधान ने भाजपा का साथ छोड़कर बसपा का दामन थाम लिया है। आगामी 28 अक्टूबर को आकाश आनन्द उन्हें अनूपशहर विधानसभा सीट से बसपा का प्रत्याशी घोषित करने के लिए एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।