कटनी जिले के नेशनल हाईवे-43 पर रविवार को तेज रफ्तार ट्रक और कार के बीच टक्कर हो गई। हादसा बड़वारा थाना क्षेत्र के जगतपुर-उमरिया बाईपास के पास हुआ। दुर्घटना में स्कॉर्पियो सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा गाय को बचाने के चक्कर में हुआ
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार शहडोल से कटनी आ रही थी। तभी सड़क पर बैठी एक गाय को बचाने के चक्कर में चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे यह टक्कर हुई। कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
घायलों में छत्तीसगढ़ के स्वालिक चौरसिया, बबलू प्रजापति, विनीता चौरसिया, हर्षित चौरसिया और रवीश ठाकुर शामिल हैं। डायल 112 की टीम ने पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बड़वारा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें कटनी जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सामान्य कराया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।