मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के सैलाना क्षेत्र से भारत आदिवासी पार्टी के विधायक कमलेश्वर डोडियार के सामने एक कार्यक्रम में अजीबोगरीब स्थिति उत्पन्न हो गई। उन्होंने एक जनजातीय समारोह में अपने भाषण के दौरान आवेश में आकर श्रोताओं से पूछ लिया कि क्या वह पद से इस्तीफा दे दें? मंच के सामने बैठे श्रोताओं ने तुरंत इसकी हामी भर दी। इससे विधायक असमंजस में पड़ गए।

क्या करूं इस्तीफा दे दूं?

बिरसा मुंडा जयंती पर रविवार को रानीसिंग गांव में जनजातीय समुदाय के संगठनों की ओर से आयोजित समारोह के इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में डोडियार को कहते सुना जा सकता है, "अगर आप कहोगे कि मैं विधानसभा चुनाव जीतकर सदन में दूसरे विधायकों के पास क्यों बैठता हूं? इस पर मेरा कहना है कि विधानसभा में 230 विधायकों की कुर्सियां हैं, जबकि इसके अंदर घुसने का दरवाजा एक ही है…। कुर्सियां पास-पास लगी हुई हैं। क्या करूं इस्तीफा दे दूं? आप बोलो, तो मैं इस्तीफा दे दूं।''

लोग बोले- 'दे दो, दे दो, दे दो, दे दो

विधायक के इस सवाल पर मंच के नीचे बैठ लोग कई लोग तुरंत बोल पड़े,''दे दो, दे दो, दे दो, दे दो।'' शोर-शराबे के बीच डोडियार ने श्रोताओं को शांत करते हुए कहा,''ओके! दे देंगे। चलो ठीक है, पर उसके लिए भोपाल जाना पड़ेगा।''

विधायक की राजनीतिक बातों को लेकर जताई गई आपत्ति

चश्मदीदों के मुताबिक इस घटनाक्रम के दौरान मंच पर मौजूद एक व्यक्ति ने विधायक की राजनीतिक बातों को लेकर आपत्ति जताई और उन्हें अपना भाषण आदिवासी क्रांतिकारी बिरसा मुंडा के विचारों और जल, जंगल व जमीन जैसे मुद्दों पर केंद्रित रखने को कहा।

विधायक ने कहा समारोह में आ गए कुछ बदमाश टाइप

घटनाक्रम पर विधायक डोडियार ने कहा कि समारोह में कुछ 'बदमाश टाइप' के लोग उनके बारे में गलत टिप्पणियां करके उन्हें उकसा रहे थे। उन्होंने केवल माहौल शांत करने के लिए विधायक पद से इस्तीफे की बात कही थी।

बता दें कि कमलेश्वर डोडियार अपनी संघर्षपूर्ण पृष्ठभूमि, आदिवासी अधिकारों की राजनीति और अलग राजनीतिक पहचान के कारण चर्चा में रहे हैं। उन्होंने 2023 के मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस दोनों के उम्मीदवारों को हराकर जीत दर्ज की थी।