दिल्ली के 16 साल के स्टूडेंट ने उन लोगों के लिए प्रदूषण से निपटना आसान बना दिया है, जो एयर प्यूरीफायर नहीं खरीद सकते। दरअसल, कृष अग्रवाल और उनके दोस्त समर्थ मीटल ने मिलकर प्रोजेक्ट वायु की शुरुआत की है, जो कि एक साधारण पंखे को एयर प्यूरिफायर में बदल सकता है। इस प्रोजेक्ट की खास बात सिर्फ ये नहीं है कि इससे असल में घर या कमरे के अंदर के प्रदूषण को कम किया जा सकता है बल्कि इस अनोखे इनोवेशन की कुल लागत सिर्फ 140 रुपये हैं। अपने खास आविष्कार के लिए कृष को डायना अवॉर्ड 2026 से सम्मानित भी किया गया है।
क्या है प्रोजेक्ट वायु और कैसे करता है काम?
रिपोर्ट्स के अनुसार,प्रोजेक्ट वायु के तहत 16 साल के कृष ने एक खास तरह का फिल्टर बनाया है, जो कि किसी भी आम पंखे पर फिट हो सकता है। इसमें इलेक्ट्रोस्टैटिकली चार्ज्ड फाइबर का इस्तेमाल किया गया है। इसकी खासियत है कि यह प्रदूषित हवा और बेहद बारीक धूल-मिट्टी के कणों को आसानी से सोख सकता है।
पंखा चालू होते ही यह फिल्टर एक गुब्बारे की तरह फूल जाता है। इससे हवा साफ करने वाले फिल्टर का दायरा बढ़ जाता है और धीरे-धीरे कमरे की हवा छनकर साफ हो जाती है।
कितने काम का है प्रोजेक्ट वायु?
प्रोजेक्ट वायु के तहत तैयार किए गए फिल्टर की लागत मात्र 140 रुपये है लेकिन सस्ता होने की वजह से इसकी प्रदूषण घटाने की क्षमता को हल्के में नहीं लिया जा सकता। इस फिल्टर को बंद कमरे में टेस्ट करने पर पता चला कि यह फिल्टर हवा में से PM2.5 के स्तर को 90% तक गिरा देता है।
दरअसल टेस्टिंग के समय पर कमरे में प्रदूषण का लेवल 158 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था, जो फिल्टर चलने के एक घंटे बाद घटकर सिर्फ 11 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रह गया।
इस फिल्टर को स्कूलों में मुफ्त में बांटा जा रहा है और इसे समय-समय पर बदला भी जा सकता है
कृष को मिला डायना अवार्ड
कृष को अपने बेहद काम के इनोवेशन के लिए डायना अवार्ड 2026 से सम्मानित भी किया गया है। उनकी इस मुहिम से 10 हजार से ज्यादा स्कूली बच्चों को फायदा मिला है।
शुरुआत में प्रोजेक्ट वायु के तहत 602 फिल्टर तैयार किए गए थे, जिससे 295 क्लासरूप कवर किए गए थे। इससे 8000 स्टूडेंट्स को राहत मिली थी। जल्द दिल्ली के और 45 स्कूलों में ये फिल्टर लगाए जाने की तैयारी है।