बिलासपुर, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से नौकरी की तलाश में रूस गया युवक 7 अक्टूबर से लापता है। परिवार का उससे कॉन्टैक्ट नहीं हो पा रहा है। विनीत की बहन ने आरोप लगाया है कि रूस में उसके भाई को बंधक बनाकर रखा गया है और उसके साथ मारपीट की गई है।
बहन के मुताबिक, विनीत पर रूस-यूक्रेन युद्ध में शामिल होने का दबाव बनाया जा रहा था। उसने इनकार किया तो उसके साथ मारपीट की गई। परिवार का आरोप है कि इसके बाद विनीत को ड्रग्स से जुड़े झूठे मामले में फंसा दिया गया।
विनीत की सुरक्षित वापसी के लिए परिवार ने बिलासपुर कलेक्टर और एसएसपी से मुलाकात कर मदद मांगी है। पुलिस ने भी मामले में रूसी दूतावास और विदेश मंत्रालय को पत्र लिखकर सहायता मांगी है।
अब जानिए पूरा मामला
बिल्हा के विनीत कुमार दुबे ने दसवीं तक पढ़ाई की है। परिवार के मुताबिक, विनीत ने नौकरी की तलाश में रूस जाने की बात कही थी।
इसके बाद वह 1 अक्टूबर को मॉस्को पहुंचा था। परिजनों का कहना है कि 7 अक्टूबर के बाद से विनीत से संपर्क नहीं हो पा रहा है।
टेलीग्राम ग्रुप से मिली थी नौकरी की जानकारी
परिवार के मुताबिक, विनीत को टेलीग्राम के एक ग्रुप के जरिए रूस में नौकरी की जानकारी मिली थी। इसके बाद वह 1 अक्टूबर को मॉस्को पहुंचा।
परिजनों का आरोप है कि रूस पहुंचने के बाद उसकी परेशानी बढ़ने लगी। उसे भारतीय दूतावास जाने नहीं दिया गया और मॉस्को के एक होटल में रोककर रखा गया। इसके बाद उसे वोल्गोग्राद भेज दिया गया, जहां उसे एक अपार्टमेंट में रखा गया था।
कार में बैठाकर ले गए, फिर संपर्क टूट गया
विनीत की बहन आशी दुबे ने बताया कि 7 अक्टूबर की सुबह करीब 7 बजे कुछ लोग उसके भाई को कार में बैठाकर किसी अनजान जगह पर ले गए।
बहन का आरोप है कि वहां विनीत पर रेजिडेंसी हासिल करने और युद्ध में शामिल होने का दबाव बनाया गया। जब उसने युद्ध में जाने से इनकार किया, तो उसके साथ मारपीट की गई और उसे भूखा रखकर परेशान किया गया।
परिवार का यह भी आरोप है कि विनीत को ड्रग्स से जुड़े एक मामले में फंसाने की धमकी देकर स्थानीय लोगों की बात मानने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
वॉट्सऐप के जरिए परिवार को मिली जानकारी
परिवार के मुताबिक, विनीत के साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी उन्हें किशोर नाम के एक युवक से मिली। किशोर ने वॉट्सऐप के जरिए परिवार से संपर्क किया था।
इसके बाद से परिजन विनीत की सुरक्षा को लेकर परेशान हैं। परिवार ने बिलासपुर के SSP और कलेक्टर से मुलाकात कर मामले में मदद करने और विनीत को सुरक्षित वापस लाने की मांग की है।
SSP बोले-रूसी दूतावास और विदेश मंत्रालय से किया संपर्क
परिवार की शिकायत के बाद बिलासपुर पुलिस ने मामले में रूसी दूतावास और भारत के विदेश मंत्रालय को पत्र लिखा है। अब संबंधित एजेंसियों के जवाब का इंतजार है, ताकि विनीत की स्थिति और उसकी सुरक्षा के बारे में जानकारी मिल सके।
परिवार की मांग है कि विनीत का जल्द पता लगाया जाए और उसे सुरक्षित भारत वापस लाया जाए। परिजनों ने केंद्र सरकार और भारतीय दूतावास से भी मामले में दखल देने की अपील की है।
फिलहाल विनीत कहां है और उसकी हालत कैसी है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।