एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हमले को लेकर मुंबई पुलिस ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। मुंबई पुलिस के डीसीपी ने बताया कि, जिस तरह से गोलियां चलाईं गईं। आरोपी मर्डर के प्लान से ही आए थे।
उधर टाइगर की कार पर फायरिंग करने वाले हमलावर 15 घंटे में राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से पकड़े गए। टाइगर पर रविवार देर रात 7 बजे हमला किया गया था।
आरोपी जयपुर, दिल्ली के रास्ते नेपाल भागने की तैयारी में थे। मुंबई पुलिस से सूचना मिलने के बाद कोटा पुलिस ने सुबह 10:30 बजे रेलवे स्टेशन से पकड़ा।
कोटा की एसपी तेजस्विनी गौतम के मुताबिक, तीनों पुणे-जयपुर एक्सप्रेस से जयपुर जा रहे थे। जनरल कोच में हिरासत में लिया गया। इनके पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित ने हमला करने का कॉन्ट्रैक्ट दिया था। अनिल ने वीडियो जारी कर इसकी जिम्मेदारी ली।
टाइगर को गोली नहीं लगी, लेकिन उनके बाएं हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आई है। फायरिंग में उनके ड्राइवर को भी चोट लगी है।
पुलिस बोली- तीनों में कोई भी आरोपी नाबालिग नहीं
राजस्थान पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए तीनों संदिग्धों में दो हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला है। इनमें हरियाणा के सोनीपत का रेहान और बिहार के बेगूसराय का ऋतिक कुमार उर्फ रोशन शामिल हैं।
पहले तीसरे आरोपी के नाबालिग होने की बात सामने आई थी। पुलिस ने इससे इनकार किया। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर हमले की साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
मुंबई पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, आरोपी करीब 10 दिनों से टाइगर श्रॉफ पर नजर रख रहे थे। उन्होंने उनके घर और जिम की भी रेकी की थी। फायरिंग से पहले आरोपियों ने 45 मिनट तक उस इलाके को जाना था। वे सोशल मीडिया पर पापराजी के वीडियो और ब्लॉगर्स के कंटेंट से भी टाइगर की लोकेशन और दिनचर्या की जानकारी जुटा रहे थे।
रविवार को फायरिंग के बाद आरोपी मुंंबई में एसवी रोड से विले पार्ले और अंधेरी की ओर भागे। उन्होंने अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास अपनी बाइक छोड़ दी और ट्रेन में सवार हो गए। पुलिस ने बाइक बरामद कर ली थी।
हमलावर अनिल पंडित के संपर्क में था
राजस्थान पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि हरियाणा के रेहान का संपर्क अमेरिका में रह रहे अनिल पंडित से था। अनिल पंडित को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है।
फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो क्लिप के जरिए अनिल पंडित ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। उसने सलमान खान को भी धमकी दी और उनसे लॉरेंस बिश्नोई से माफी मांगने को कहा। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो क्लिप को वेरिफाई कर रही है।
4 साल में 8 सेलिब्रिटी पर हमला हो चुका
मुंबई फायरिंग मामले में DCP राज तिलक रोशन ने कहा, बाइक पर तीन लोग सवार थे। इनमें से दो ने फायरिंग की और फिर बाइक से फरार हो गए।
क्राइम ब्रांच की करीब 20 स्पेशल टीमें बनाई गईं। फील्ड वर्क और तकनीकी जांच के आधार पर बाइक को अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास ट्रेस किया गया। CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी जांच से तीनों के रास्ते का पता चला।
जांच में सामने आया कि वे मुंबई के उत्तरी हिस्से की ओर गए और फिर सूरत चले गए। इसके बाद पता चला कि वे पुणे-जयपुर एक्सप्रेस से जा रहे थे। हमने यह भी पता लगाया कि वे किस कोच में थे और कोटा पुलिस को इसकी जानकारी दी।
कोटा पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद हमने उन्हें अपनी हिरासत में ले लिया। उन्हें मुंबई लाने की प्रक्रिया जारी है। इस मामले में दिल्ली पुलिस, गुजरात पुलिस और राजस्थान पुलिस ने हमारी मदद की है।
पुलिस बोली- टाइगर को फिलहाल कोई धमकी नहीं मिली थी
मुंबई पुलिस के डीसीपी ने कहा- मुंबई के अंधेरी में आरोपियों ने बाइक डंप की। आरोपी मुंबई से सूरत फिर कोटा गए। उन्हें पकड़कर मुंबई लाया जा रहा है। ऑन-रिकॉर्ड टाइगर को फिलहाल कोई धमकी नहीं मिली है।
कोटा रेलवे स्टेशन से तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। आरोपियों की गिरफ्तारी सुबह साढ़े 10 बजे हुई। मुंबई पुलिस से सूचना मिलने के बाद कोटा पुलिस ने 15 मिनट में एक्शन लिया।
लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित ने कहा- 2 मारोगे, मुंबई में 100 तैयार बैठे हैं
आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित का एक और ऑडियो नोट आया। इसमें उन्होंने कहा, ‘मैं प्रशासन से पूछता चाहता हूं कि जब बॉलीवुड वालों ने सुशांत को मारा, तब कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई। आज जब हमारे बड़े भाई लॉरेंस ने इनके खिलाफ एक्शन लिया, तो प्रशासन हमारे भाई के खिलाफ बोलता है। हम भगत सिंह जैसी सोच रखते हैं। हमारी लड़ाई चलती रहेगी। ये जितने बॉलीवुड एक्टर हैं, ये पाकिस्तान में बैठे दाऊद के पैसों से फिल्में बनाते हैं और उसे दोगुने पैसे कमाकर दे रहे हैं।’
आगे कहा गया है, ‘रही बात सलमान खान की, जब तक ये माफी नहीं मांग लेता, तब तक इसका पीछे नहीं छोड़ेंगे। इसका जीना हराम कर देंगे। अगर ये माफी मांग लेता है, तो हमारा इससे कोई द्वेश ही नहीं है। अगर माफी नहीं मांगता, तो इसके जितने नजदीकी हैं, सबका नुकसान करेंगे, इसका तो करेंगे ही। तुम हमारे 2 मारोगे, हमारे 100 भाई मुंबई में तैयार बैठे हैं।’
कोटा पुलिस ने बताया- सुबह 10.30 बजे कोटा पहुंचे थे
एसपी कोटा, तेजस्विनी गौतम ने बताया, 'पुणे जयपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच से भागे थे। सुबह 10.30 बजे कोटा पहुंचे थे। वहीं से हिरासत में लिया गया।'
कोटा पुलिस ने बताया- जयपुर, दिल्ली से नेपाल भागने वाले थे
एसपी कोटा, तेजस्विनी गौतम ने बताया, वारदात के बाद ये तुरंत रवाना हो गए थे। इनका प्लान था कि ट्रेन से पहले जयपुर पहुंचें, फिर बस से दिल्ली जाकर वहां से नेपाल निकल जाएं।
एसपी कोटा ने बताया- मुंबई पुलिस की सूचना पर पकड़ा
एसपी कोटा, तेजस्विनी गौतम ने बताया, 'कल टाइगर पर हमला हुआ था। हमें इसके बारे में आज मुंबई पुलिस से जानकारी मिली। उन्होंने कहा था तीनों ट्रेन से कोटा पहुंचने वाले हैं। जैसे ही हमें पता चला हमने सिर्फ 15 मिनट में पूरी ट्रेन की जांच की और इस दौरान हमने तीनों को पकड़ लिया।'
गिरफ्तार रेहान के पिता रिशुद्दीन बोले- वह कई साल पहले वेल्डिंग का काम सीखने की बात कहकर घर से गया था। पत्नी के साथ विवाद चल रहा है। इसी कारण वह 10 साल से अलग रह रही है। रेहान उसी के साथ रहता है।