मनीला: फिलीपींस की यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राजधानी मनीला स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान में पहुंचकर माथा टेका। इस दौरान प्रधानमंत्री ने गुरुद्वारे में पुनर्विकास कार्यों की शुरुआत के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया और कारसेवा की। प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, "मनीला के गुरुद्वारा खालसा दीवान में आकर बहुत ही सौभाग्यशाली महसूस कर रहा हूं।"
एक सदी से पुराना गुरुद्वारा


पीएम मोदी ने एक दिन पहले सोमवार को मनीला पहुंचने पर गुरुद्वारे में कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी थी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्होंने लिखा, "कल 17 नवम्बर का दिन बहुत खास है। मुझे मनीला का ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान में पुनर्विकास कार्यों की शुरुआत के मौके पर आयोजित समारोह में शामिल होने का सौभाग्य मिलेगा। उन्होंने बताया कि यह गुरुद्वारा 1 सदी से भी अधिक पुराना है और इसका बड़ा आध्यात्मिक महत्व है।"


फिलीपींस के दौरे पर पीएम मोदी


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिनों के दौरे पर फिलीपींस पहुंचे हैं। मनीला में वह 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। पीएम मोदी का यह दौरा भारत की 'एक्ट ईस्ट नीति' और 'इंडो-पैसिफिक विजन' को मजबूत करता है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया है कि आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में व्यापक रणनीतिक साझेदारी को लागू करने में हुई प्रगति की समीक्षा होगा। इसमें 2026-2030 के लिए आसियान-भारत कार्य योजना पर चर्चा भी शामिल है।


पुनर्विकास कार्यों की रखी आधारशिला


भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री ने खालसा दीवान गुरुद्वारे का दौरा किया और संगत की उपस्थिति में गुरुद्वारे के पुनर्विकास के लिए आधारशिला रखी। कार्यक्रम में फिलीपींस के सीनेटर फ्रांसिस जोसेफ एस्कुडेरो और मनीला सिटी के मेयर फ्रांसिस्को इस्को मोरेनो भी शामिल हुए। यह गुरुद्वारा फिलीपींस में भारतीय-सिख समुदाय और फिलीपीनी समाज के बीच एक पुल की तरह काम कर रहा है।
125 साल से भी पुराना


इस गुरुद्वारे को 1901 में मूल रूप में स्थापित किया गया है। 1903 में इसका विधिवत रूप से गठन हुआ और साल 1924 में खालसा दीवान के रूप में रजिस्टर्ड किया गया। यह फिलीपींस के सबसे पुराना गुरुद्वारा है, जो मनीला में सिख और दूसरे समुदायों के लिए अपनी आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और परोपकारी गतिविधियों के माध्यम से एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।