Select Date:

अद्भुत अकल्पनीय अविश्वसनीय... राजपूताना धरती पर बिहार का 'वैभव सूर्यवंशम'

Updated on 29-04-2025 01:28 PM
जयपुर: बिहार की राजधानी पटना से लगभग 100 किलोमीटर दूर है समस्तीपुर, जिसके नाम का डंका बीती रात से क्रिकेट की दुनिया पर बज रहा है। वजह वैभव सूर्यवंशी हैं। समस्तीपुर वैसे तो अपने मीठे 'पेड़ा' के लिए मशहूर है। कहते हैं दुनियाभर के लोग एक बार खाने के बाद स्वाद कभी भूल नहीं पाते। कुछ ऐसा ही इस लड़के के साथ देखने को मिला। अंतर सिर्फ इतना है कि यह लड़का पेड़ा की तरह मीठा नहीं, बल्कि गेंदबाजों के लिए 'पेपर एक्स' (सबसे तीखी मिर्च, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज है) की तरह है। राजस्थान रॉयल्स के लिए गुजरात टाइटंस के खिलाफ सिर्फ 35 गेंदों में ऐसा कहर बरपाया कि लगभग 40 मिनट में क्रिकेट की किताब का ओर-छोर ही बदल डाला। ऐसी बल्लेबाजी कर डाली, लगा क्रिकेट पर हुकूमत करने के लिए कोई राजा पैदा हो गया है। राजपूताना की ऐतिहासिक धरती जयपुर में रनों की घनघोर बरसात देख हर कोई दंग रह गया।
14 वर्ष की उम्र में जहां दुनिया के अधिकतर टीनेजर दोस्तों के साथ मस्ती करते दिखते हैं तो इस लड़के ने मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, ईशांत शर्मा, राशिद खान जैसे खूंखार गेंदबाजों की छाती पर भयंकर तांडव मचाया। एक-एक शॉट पर शांत रहने वाले महान राहुल द्रविड़ के बदलते तेवर देखते बन रहे थे तो दूसरी ओर आईपीएल में मास्टरमाइंड नाम से मशहूर गुजरात टाइटंस के हेड कोच आशीष नेहरा बौखला गए थे। उन्हें ही नहीं, पूरी टाइटंस पल्टन को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर मैदान पर हो क्या रहा है। बॉलिंग मशीन की तरह गेंदबाज गेंद कर रहा है और यह छोटा-सा बच्चा अपने कोमल हाथों से उन्हें बच्चों की तरह चौके-छक्के उड़ाए जा रहा है। 17 गेंदों में हाफ सेंचुरी तो 35 गेंदों में सेंचुरी ठोकी तो पूरी दुनिया के क्रिकेट दिग्गजों की निगाहें इस होनहार पर टिक गईं।
उसके बल्ले से मची तबाही और खौफ का मंजर ऐसा दिखा कि फील्डर असहाय थे, मूक दर्शक थे और गेंदबाज की टांगें थरथरा रही थीं। चौके-छक्के के अंबार के बीच डीजे पर नाच-नाच कर चीयरलीडर्स की हालत खराब हो रही थी तो मैदान पर नंगी आखों से ऐतिहासिक पल को देख रहा हर दर्शक खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा था। यह उस अद्भुत इतिहास का यह एक छोटा-सा परिचय है, जिसकी गाथा जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आरंभ हुई है। उम्मीद है इस गाथा का उपसंहार जब लिखा जाएगा तो विश्व क्रिकेट के तमाम रिकॉर्ड उनके नाम होंगे, क्रिकेट के भगवान सचिन, किंग विराट कोहली, हिटमैन रोहित शर्मा की तरह इस गुदड़ी के लाल को भी कोई नया नाम मिलेगा
तभी तो महान सचिन, वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए बोल पड़े- वैभव का बेखौफ अप्रोच, बल्ले की गति, शुरुआत में ही लेंथ को पहचानना और गेंद के पीछे ऊर्जा का गजब इस्तेमाल इस शानदार पारी का राज है। अंतिम परिणाम: 38 गेंदों पर 101 रन। बहुत बढ़िया खेला!! सचिन के अलावा तमाम दिग्गजों ने वैभव की तारीफों के पुल बांधे।
खैर, एक लाइन में कहा जाए तो 14 साल 32 दिन उम्र, चील-सी आंखें, क्यूट-से कोमल चेहरे के पीछे बाहुबली वाला बल, हुक से लेकर पुल शॉट तक और क्रिकेटीय स्टाइल पर भारी ताकत...! छोटी उम्र के लंबी-चौड़ी कद काठी वाले वैभव ने क्रिकेट मैदान पर भारत के लिए जो अद्भुत, अकल्पनीय पल दिया, वो अविश्वसनीय है। जयपुर के मैदान पर इस बल्लेबाज ने दिग्गज गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते बता दिया कि क्रिकेट में अभी भी बहुत कुछ ऐसा है, जो संभव है या यूं कहें क्रिकेट में कुछ भी संभव है, कुछ भी असंभव नहीं। एक और बात... ऐश्वर्य, धन–दौलत, सुख–शांति, शान–शौकत... ये सिर्फ शब्द नहीं हैं, वैभव के पर्यायवाची हैं, लेकिन अब शायद इसका दायरा बढ़ाने की जरूरत है। कुछ और नए शब्दों को जोड़ने की जरूरत है।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 01 May 2026
कोलंबो: श्रीलंका क्रिकेट से एक ऐसी खबर आई है जिसे सुनकर शर्म आ जाए। कोलंबो के एक होटल में ठहरे श्रीलंका की अंडर-19 टीम के दो लड़कों को पुलिस ने धर…
 01 May 2026
जयपुर: राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के बीच शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 43वां मैच सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जाना है। डीसी की निगाहें इस…
 01 May 2026
अहमदाबाद: आईपीएल 2026 के 42वें मैच में गुजरात टाइटंस की टीम ने पिछले साल की चैंपियन आरसीबी को 4 विकेट से हरा दिया। इस मैच में पहले बैटिंग करते हुए आरसीबी…
 01 May 2026
अहमदाबाद: गुजरात टाइटंस ने पिछले हफ्ते मिली हार का हिसाब चुकता करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस हार के बाद आरसीबी के कप्तान रजत…
 01 May 2026
नई दिल्ली: विराट कोहली क्रिकेट के मैदान पर काफी शांत रहने लगे हैं। एक समय विराट को उनके एग्रेशन के लिए जाना जाता था। लेकिन पिछले कुछ सालों में विराट के…
 01 May 2026
नई दिल्ली: पाकिस्तान सुपर लीग अपने प्लेऑफ फेज में पहुंच गया है। क्वालीफायर जीतकर पेशावर जाल्मी ने फाइनल में जगह बना ली है। वहीं पहले एलिमिनेटर में हैदराबाद किंग्समेन ने मुल्तान…
 01 May 2026
नई दिल्ली: शुभमन गिल का इंस्टाग्राम पोस्ट इन दिनों चर्चा में रहता है। चेन्नई सुपर किंग्स पर जीत के बाद गिल ने पीला व्हिसल हाथ में लेकर फोटो पोस्ट किया था।…
 29 April 2026
न्यू चंडीगढ़: आईपीएल 2026 के 40वें मुकाबले में पंजाब किंग्स को राजस्थान रॉयल्स के साथ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। सीजन की पहली हार के बाद पीबीकेएस के…
 29 April 2026
कराची: पाकिस्तान सुपर लीग में पेशावर जाल्मी की टीम फाइनल में पहुंच गई है। क्वालीफायर मुकाबले में बाबर आजम की कप्तानी वाली पेशावर ने इस्लामाबाद यूनाइटेड को 70 रनों के बड़े…
Advt.