अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया एक्स पर सबसे अधिक एक्टिव रहने वाले सिलेब्रिटीज़ में से एक हैं। इस बार भी अपने पोस्ट में पैंट का बेल्ट टूट जाने की बात उन्होंने कही है। वह करीब रोज कुछ न कुछ जरूर पोस्ट करते हैं, जिनमें से कुछ ऐसे होते हैं जो किसी की समझ में नहीं आता। हाल ही में उन्होंने एक ऐसा ही पोस्ट किया था जिसमें लिखा था- बच गया। इसके बाद लोगों को लग रहा था कि उनका ये पोस्ट लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े दो कथित शूटरों की गिरफ्तारी पर आया है। लोग इसे कथित बम की धमकियों और शूटरों की गिरफ्तारी की खबर से जोड़कर देख रहे थे। अब बिग बी ने एक पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने इसी शब्द का जिक्र भी किया है।

बिग बी ने अपने नए एक्स पोस्ट में 15 नवंबर को किए 'बच गए' ट्वीट का जिक्र किया है। उनके पोस्ट से ये जाहिर है कि उनका वो पुराना पोस्ट सिक्यॉरिटी वाले एंगल से जुड़ा नहीं था। उन्होंने जो लिखा है, उसे पढ़कर अब लोग ये भी कह रहे हैं कि हर बात बताने वाली नहीं होती है।
'KBC शूट पे पैंट की बेल्ट टूट गई, जल्दी से नाड़ा बांध लिया'

अपने नए पोस्ट T 5850 में बिग बी ने लिखा है, 'KBC शूट पे पैंट की बेल्ट टूट गई, जल्दी से नाड़ा बांध लिया- बच गए। अब लोग एक बार फिर से सोशल मीडिया पर मजे ले रहे हैं। एक ने कहा- ओह, तो ये लॉरेंस वाला मामला नहीं था। एक अन्य ने कहा- हर बात पब्लिकली पोस्ट करने के लिए नहीं होती अमित जी। वहीं एक अन्य ने खिंचाई करते हुए कहा- अच्छा किया, नहीं तो 7 करोड़ का सवाल लीक हो जाता।
अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को जान से मारने की धमकी

यहां बता दें कि हाल ही में गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को जान से मारने की धमकी दी है। उसने दावा किया है कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा मुंबई से उसके दो साथियों (विकास ठाकुर और दीपक सिंह) की गिरफ्तारी से उनके प्लान पर कोई असर नहीं पड़ा है। अपने पोस्ट में उसने 1984 के दंगों का जिक्र करते हुए बुलेटप्रूफ केबिन और सुरक्षा के बावजूद निशाना बनाने की बात कही है।

जय निरुपम ने धमकी दिए जाने पर चिंता जताई

वहीं शिवसेना प्रवक्ता संजय निरुपम ने अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दिए जाने पर चिंता जताई है। उन्होंने धमकी देने वाले गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों और उसके पूरे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

दोनों आदमी अलग-अलग शूटिंग प्लान में शामिल

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, दोनों आदमी अलग-अलग शूटिंग प्लान में शामिल थे। इनमें से विकास का टारगेट दिल्ली के एक बिजनेसमैन से पैसा वसूलना था और दूसरे यानी दीपक ने कथित तौर पर अमिताभ बच्चन को उनके मुंबई घर पर टारगेट किया था। बताया जाता है कि एक टिप-ऑफ पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने विकास को अरेस्ट किया और फिर दीपक को पकड़ा गया जो मुंबई में छिपा हुआ था।