भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सूखे नशे पर लगातार प्रहार जारी है। देश के दूसरे हिस्सों में भी भोपाल के रास्ते ड्रग्स की सप्लाई हो रही है। इसके खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इस काम में महिलाएं और युवा भी शामिल हैं। भोपाल पुलिस ने एक शराब दुकान के पास से महिला को गिरफ्तार किया है। इसनें इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है लेकिन लग्जरी लाइफस्टाइल के कारण ड्रग्स की सप्लाई कर रही थी।
एमपी नगर जोन-2 में हुई कार्रवाई
दरअसल, एमपी नगर जोन-2 स्थित एक शराब दुकान को लेकर पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला यहां ड्रग्स की डिलीवरी देने आने वाली है। 38 वर्षीय महिला ने जैसे ही वहां ड्रग्स के साथ पहुंची, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। महिला का नाम श्रद्धा चौकीकर है।
एमडी ड्रग्स की थी डिलीवरी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने महिला की तलाशी ली। उसकी जैकेट की जेब से 14.19 ग्राम एमडी ड्रग मिली है। महिला श्रद्धा चौकीकर रेलवे कॉलोनी छिंदवाड़ा की निवासी है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार एनडीपीएस एक्ट तहत केस दर्ज किया है। उसकी निशानदेही पर एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसका नाम राजेंद्र राय है। वह भोपाल के साकेत नगर में रहता था। साथ ही बी फार्मा पास है।
लग्जरी शौक ने बनाया सप्लायर
भोपाल पुलिस की पूछताछ में श्रद्धा ने बताया कि वह शौक और हाईप्रोफाइल लाइफस्टाइल के चक्कर में नशे की आदि हुई और गलत काम करने लगी। वह यूपी से एमडी ड्रग्स लाती थी और यहां सप्लाई करती थी।
छोड़ दी थी इंजीनियरिंग की पढ़ाई
श्रद्धा चौकीकर भोपाल में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने आई थी। उसने 2012 में दाखिला लिया था लेकिन 2014 में बैक लग गया। इसके बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी। इस दौरान उसकी शादी हो गई। लेकिन ज्यादा दिन तक नहीं चल पाई और 2016 में तलाक हो गया।
नशे की आदि हो गई
इसके बाद श्रद्धा चौकीकर भोपाल में रहती थी। वह खुद के कंस्ट्रक्शन के काम से जुड़ा बताती थी। भोपाल के पॉश रेसिडेंसी मिनाल में रहती थी। वही पर पार्टी के दौरान नशे की आदि हुई। इसके बाद भोपाल के शाहपुरा स्थित दो होटलों में पार्टी करती और ड्रग्स के लिए ग्राहक की तलाश करती थी। वह बीते डेढ़ सालों से ऐसा कर रही थी।
गौरतलब है कि भोपाल पुलिस अब यह जांचने में जुटी है कि उसके नेटवर्क में कौन-कौन लोग हैं। साथ ही वह कहां-कहां ड्रग्स की सप्लाई करती थी।