कोलकाता: कहते हैं दो दशक बाद तो 'घूरे' के भी दिन फिरते हैं। ऐसे ही कुछ हालात पश्चिम बंगाल में सिंगुर के भी दिख रहे हैं। आपको सिंगुर याद तो होगा ही, क्योंकि करीब 18 साल पहले वहीं टाटा की नैनो कार की फैक्ट्री लगाने की पूरी तैयारी हो चुकी थी। लेकिन ममता बनर्जी के विरोध के चलते टाटा की योजना को पलीता लग गया था। अब खबर आ रही है कि उसी सिंगुर में अशोक लेलैंड कमर्शियल व्हीकल की फैक्ट्री डाल सकती है। यदि ऐसा हुआ तो पूरे इलाके का कायापलट हो जाएगा।
फिर खबरों में सिंगुर
पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में कस्बा है सिंगुर। करीब दो दशक पहले खबरों में तब आया था जब रतन टाटा ने वहां नैनो प्लांट लगाने के लिए जमीन खरीदी थी। फिर फैक्ट्री का इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हुआ। लेकिन तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी ने जब इसके विरोध में आंदोलन छेड़ दिया। इसी आंदोलन के बाद राज्य में ममता बनर्जी की सरकार बन गई और फिर टाटा का नैनो प्लांट खटाई में चला गया। इसके बाद कंपनी ने गुजरात में नया प्लांट लगा लिया। अब इसी जगह अशोक लेलैंड का कमर्शियल व्हीकल का प्लांट अस्तित्व में आ सकता है। इसका संकेत केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने दिया है।
हम चाहते हैं कि सिंगुर में एक बार फिर से इंडस्ट्री लौटे। हमारे मुख्यमंत्री ने भी यही बात कही है। मैं आज बता रहा हूं कि सिंगुर में अशोक लेलैंड आ रही है। कंपनी वहां ट्रक बनाने का कारखाना लगाएगी। जल्दी ही वहां काम शुरू हो जाएगा।
केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार
क्या बताया मंत्री ने
बीते शनविार को पीएम मोदी एक कार्यक्रम के सिलसिले में आईआईटी खड़गपुर पहुंचे थे। उनके साथ मजूमदार भी वहां थे। इसी कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत मं मजूमदार ने बताया कि सिंगुर में अशोक लेलैंड ट्रक मैन्युफैक्चरिंग फेसिलिटी लगाएगी। उनका कहना था कि शीघ्र ही वहां जमीन पर काम दिखने लगेगा। उन्होंने बताया "हम चाहते हैं कि सिंगुर में एक बार फिर से इंडस्ट्री लौटे। हमारे मुख्यमंत्री ने भी यही बात कही है। मैं आज बता रहा हूं कि सिंगुर में अशोक लेलैंड आ रही है। कंपनी वहां ट्रक बनाने का कारखाना लगाएगी। जल्दी ही वहां काम शुरू हो जाएगा।"
विस्तृत योजना का खुलासा नहीं
केंद्रीय मंत्री ने यह खबर तो पत्रकारों को तो दे दी। लेकिन अभी तक इस बारे में अशोक लेलैंड की तरफ से कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है। मीडिया में भी ऐसी खबरें चल रही है कि सिंगुर के प्रस्तावित प्लांट में हैवी कमर्शियल व्हीकल बनेगा। लेकिन इस परियोजना के बारे में डिटेल मतलब कि जमीन, प्लांट, निवेश, क्षमता आदि के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं आई है। इस परियोजना में कितना निवेश होगा या कितने लोगों को रोजगार मिलेगा, इसका भी कोई खुलासा नहीं हुआ है।
अशोक लेलैंड शेयर का क्या हाल
भारतीय शेयर बाजार सोमवार को बढ़ कर खुले थे। लेकिन शीघ्र ही यह निगेटिव हो गया। दिन में 11.15 बजे बीएसई सेंसेक्स 705 अंक डाउन था। उस समय अशोक लेलैंड का शेयर भी 1.71 फीसदी या 2.80 रुपये डाउन हो कर 160.70 रुपये पर ट्रेड हो रहा था। इससे पहले यह चढ़ते हुए 165 रुपये तक गया था। बीते कारोबारी सत्र के दौरान यह शेयर 163.50 रुपये पर बंद हुआ था।