Select Date:

'गुरु बदलना बेईमानी है', पद्मश्री बांसुरी वादक पंडित रोनू मजूमदार ने नहीं मानी सलाह, सालों बाद उसी कलाकार ने पकड़े पैर

Updated on 26-09-2026 11:57 AM
बात उस दौर की है जब पद्मश्री से सम्मानित मशहूर बांसुरी वादक पंडित रोनू मजूमदार मुंबई के महबूब स्टूडियो में संघर्ष कर रहे थे। वहां एक साथी कलाकार ने उनसे कहा, 'अगर इस इंडस्ट्री में पहचान बनानी है, तो तुम्हें अपना गुरु बदलना पड़ेगा।' लेकिन, रोनू ने गुरु बदलने को 'बेईमानी' माना। समय ने ऐसा पलटा खाया कि बाद में एक कार्यक्रम में उसी कलाकार ने रोनू से माफी मांगी। नई पीढ़ी में शास्त्रीय संगीत को लेकर रुचि, सोशल मीडिया से ट्रेनिंग और पुरानी परंपराओं में बदलाव जैसे मुद्दों पर उन्होंने बात की दीक्षा गौड़ से। पेश हैं प्रमुख अंश :

शास्त्रीय संगीत और भारतीय संस्कृति के भविष्य को लेकर आप आज की नई पीढ़ी को किस नजरिए से देखते हैं?
युवाओं में थोड़ी जल्दबाजी जरूर है, लेकिन वे हमारी संस्कृति को बचाकर रखेंगे- यह मेरा दावा है। कुछ लोग Gen Z के नाम पर संस्कृति को गलत तरीके से पेश करते हैं, जैसा पिछले दिनों दिल्ली में देखने को मिला। लेकिन, वह असली Gen Z नहीं है, उसमें कुछ असामाजिक तत्व घुस आए थे। नई पीढ़ी भी भारतीय संस्कृति, शास्त्रीय संगीत और अपनी विरासत को बहुत ऊंचा दर्जा देती है, इनका सम्मान करती है।

आपने कहा कि युवाओं में जल्दबाजी दिखती है, तो क्या सलाह देंगे?

मेरी सलाह है कि सफलता के पीछे भागने के बजाय अपने 'विषय' (ज्ञान) को मजबूत करने पर ध्यान दें। आज बहुत-से लोग जल्दी पहचान बनाना चाहते हैं, लेकिन अगर आपकी नींव मजबूत नहीं है तो यह पहचान पानी के बुलबुले की तरह होगी। आज है, कल नहीं और फिर कोई और। आपको अपनी साधना, शैली और अपने विषय पर भरोसा रखना होगा।
गुरु-शिष्य परंपरा में किस तरह के बदलाव देख रहे हैं और वे कितने सही हैं?

आज गुरु-शिष्य परंपरा तो है, लेकिन असली 'गुरुकुल' खत्म हो चुके हैं जहां संगीत के साथ अकादमिक पढ़ाई भी हो सके। टेक्नॉलजी के कारण बच्चों का अटेंशन स्पैन घट रहा है। वे यूट्यूब से अब एक मिनट की रील्स देखने लगे हैं। इतने कम समय में संगीत की गहराई को साधना संभव नहीं है, और यह बदलाव चिंताजनक है।

महबूब स्टूडियो में आपको गुरु बदलने की सलाह दी गई थी, वह किस्सा क्या था और आपने उसका सामना कैसे किया?
शुरुआती दिनों में जब मैं संघर्ष कर रहा था, तब महबूब स्टूडियो में एक वरिष्ठ साइड-रिदम प्लेयर ने मुझसे कहा था कि इस इंडस्ट्री में स्थापित होने के लिए तुम्हें अपनी तालीम और गुरु बदलना पड़ेगा। यह बात मेरे आत्मसम्मान और निष्ठा पर चोट थी। मैंने साफ कह दिया कि अपनी पहचान बनाने के लिए गुरु बदलना बेईमानी है और मुझे अपनी विरासत व बजाने की शैली पर पूरा यकीन है। मैंने किसी की परवाह किए बिना अपनी साधना जारी रखी। बरसों बाद, जब मैं एक बड़े राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुति दे रहा था, तो वही कलाकार श्रोताओं के बीच मौजूद थे। मेरा वादन खत्म होने के बाद वह मंच के पीछे आए, भावुक होकर मेरे पैर पकड़ लिए और स्वीकार किया कि मेरी निष्ठा और काम ने उन्हें गलत साबित कर दिया।
सोशल मीडिया के जरिए कम उम्र में संगीत सिखाने का चलन बढ़ा है, आपकी नजर में यह कितना सही है?

बहुत से लोग इसे महज एक बिजनेस बना रहे हैं। यूट्यूब से संगीत सीखना एक सीमा तक ही संभव है, क्योंकि कोई भी कलाकार स्क्रीन के जरिए बच्चे का हाथ पकड़कर यह नहीं बता सकता कि 'यहां गलती है', 'यह मींड ऐसे नहीं, ऐसे निकलेगा' या 'इसे इस तरह बजाना है'। संगीत की ये छोटी बारीकियां यूट्यूब या महज किसी स्क्रीन के जरिये नहीं सीखी जा सकतीं। ऑनलाइन फॉलो-अप तो ठीक है, जैसे मैंने बच्चे को कोई चीज सिखाई और फिर ऑनलाइन पूछा कि 'कल क्या रियाज किया, सुनाओ'। लेकिन, चार सेशन में से कम से कम एक सेशन वन-टू-वन होना बेहद जरूरी है। बिना प्रत्यक्ष मार्गदर्शन और बारीकियों को सुधारे संगीत की सच्ची साधना संभव नहीं है।
बांसुरी के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं को क्या सलाह देना चाहेंगे?

बांसुरी शुरुआत में आसानी से बज जाती है, इसलिए बहुत भीड़ हो गई है, पर अच्छे वादक आज भी गिने-चुने ही हैं। आजकल यूट्यूब और फेसबुक पर पैसे देकर प्रमोशन कराया जा सकता है। ऐसे में फिल्मी गाने बजाकर खुद को शिक्षक बताने वाले बहुत लोग हैं, जिनसे बच्चों को सावधान रहना चाहिए। बांसुरी की बारीकियां सीखने के लिए अच्छे और अनुभवी गुरु का मार्गदर्शन जरूरी है। सिर्फ सोशल मीडिया पर लोकप्रियता देखकर किसी को अपना गुरु न बनाएं। पहले उसकी साधना, अनुभव और संगीत की समझ को देखें। संगीत में लंबे समय तक टिकना है तो सही तालीम और लगातार रियाज पर ध्यान देना होगा।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 26 September 2026
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के ‘करीब 12 विधायकों की दो शादियां हैं’ वाले बयान पर विवाद हो गया है। उन्होंने गुरुवार को विधानसभा में बेंगलुरु में बढ़ते शहरीकरण और…
 26 September 2026
अर्नब चक्रवात के असर से उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ समेत 8 राज्यों में तेज बारिश हो रही है। बंगाल की खाड़ी में बना मौसमी सिस्टम अब दक्षिण छत्तीसगढ़ से उत्तर-पूर्व…
 26 September 2026
नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने 1 अक्टूबर से मणिपुर, नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश के 'अशांत इलाकों' में आर्म्ड फोर्सेज (स्पेशल पावर्स) एक्ट, 1958 ( AFSPA ) को छह महीने के…
 26 September 2026
नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने रेप के एक मामले में 10 साल की सजा पाए व्यक्ति को बरी करते हुए शुक्रवार को कहा कि किसी घटना की अनैतिकता मात्र, विश्वसनीय…
 26 September 2026
बात उस दौर की है जब पद्मश्री से सम्मानित मशहूर बांसुरी वादक पंडित रोनू मजूमदार मुंबई के महबूब स्टूडियो में संघर्ष कर रहे थे। वहां एक साथी कलाकार ने उनसे…
 26 September 2026
नई दिल्ली: भारत ने लाइबेरिया के साथ मिलकर 'शिपिंग और नाविकों की सुरक्षा' पर 'ग्रुप ऑफ फ्रेंड्स' बनाने के लिए हाथ मिलाया। संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान हुई पहली बैठक…
 25 September 2026
गुजरात के जूनागढ़ जिले में बुधवार रात तेंदुए ने 6 साल की बच्ची पर हमला कर उसे मार डाला। बच्ची की पहचान प्रिशा सोलंकी के रूप में हुई है। घटना…
 25 September 2026
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में शुक्रवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर हंगामा हुआ। कांग्रेस विधायक पोस्टर लेकर पहुंचे। इन पर लिखा था कि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा…
 25 September 2026
नई दिल्लीः मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार , दोनों चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी के बीच दूरी पिछले साल जून में बिहार में एसआईआर के दौरान ही…
Advt.