वॉशिंगटन: अमेरिकी वायु सेना कम से कम 256 मेगाबाइट क्षमता वाले PC कार्ड या कॉम्पैक्ट फ्लैश मेमोरी कार्ड के लिए आपूर्तिकर्ताओं की तलाश कर रही है। F-22 प्रोग्राम ऑफिस ने एक नोटिस जारी कर कंपनियों से पूछा है कि क्या वे इनकी आपूर्ति कर सकती हैं? इस पर जवाब 1 दिसंबर 2026 तक देने हैं। इसमें यह जानकारी भी मांगी गई है कि ये कार्ड और इनके पुर्जे कहां बनते हैं, ये आपूर्तिकर्ता तक कैसे पहुंचते हैं और नकली प्रोडॅक्ट्स को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
यह मांग F-22 फाइटर जेट के पुराने होते जाने को दिखाती है। इसे आधुनिक बनाना काफी मुश्किल साबित हुआ है, जिसके चलते अमेरिकी सशस्त्र बलों में इस विमान के इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम यानी के एवियोनिक्स सबसे कम उन्नत रह गए हैं।
अमेरिका F-22 एवियानिक्स और डिजाइन चीन के J-20 से काफी पीछे
मिलिट्री वॉच मैगजीन की एक रिपोर्ट के अनुसार, F-22 एक पांचवीं पीढ़ी का लड़ाकू विमान है, लेकिन यह अपनी पीढ़ी के अन्य सभी लड़ाकू विमानों की तुलना में काफी पुराना और कम उन्नत है। इसके एवियोनिक्स ही नहीं, बल्कि इसके डिजाइन के कई पहलू आधुनिक F-35 और चीनी J-20 और J-35 की तुलना में काफी पीछे हैं।
F-22 में एयरफ्रेम में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी शामिल है। यह F-22 विमान अमेरिका की लड़ाकू विमान निर्माता कंपनी लॉकहीड मार्टिन बनाती है। इसकी संवेदनशीलता को देखते हुए F-22 को दुनिया में किसी और देश को नहीं दिया गया है। इसे सिर्फ अमेरिकी वायुसेना के जंगी बेड़े में ही रखा गया है।
F-22 फाइटर जेट्स के इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम और डिजाइन बेहद पुराने हो चुके हैं। ये एडवांस नहीं रह गए हैं। ये अमेरिका के F-35, चीन के J-20 और J-35 के मुकाबले काफी पीछे रह गए हैं।
रिपोर्ट
J-20 से 21 साल पहले F-22 ने भरी थी पहली उड़ान
भले ही F-22 फाइटर जेट 2005 में सेवा में शामिल हुआ, लेकिन इसने पहली उड़ान 1990 में ही भर ली थी, जो J-20 से 21 साल पहले की बात है। 1990 के दशक में विकास से जुड़ी कई समस्याओं और बजट में कटौती के कारण, इसे पूरी तरह से चालू करने में काफी देरी हुई। जब यह विमान सेवा में आया, तब तक इसके एवियोनिक्स काफी पुराने हो चुके थे।
इसका एक बड़ा उदाहरण यह है कि F-22 21वीं सदी में सेवा में आने वाला इकलौता ऐसा लड़ाकू विमान है, जिसमें 'हेलमेट माउंटेड साइट्स' नहीं हैं। 'विज़ुअल रेंज कॉम्बैट' यानी आमने-सामने की लड़ाई में यह एक बहुत बड़ी कमी है।
F-22 का 'डेटा ट्रांसफर कार्ट्रिज' (DTC) विमान
F-22 का 'डेटा ट्रांसफर कार्ट्रिज' (DTC) विमान के डेटा और मेंटेनेंस इंफ्रास्ट्रक्चर का हिस्सा है। इसमें इस्तेमाल होने वाले PC कार्ड कभी लैपटॉप में आम हुआ करते थे, जबकि कॉम्पैक्टफ्लैश (CompactFlash) कार्ड का इस्तेमाल डिजिटल कैमरों में बड़े पैमाने पर होता था।
आज के समय के स्टोरेज डिवाइस की तुलना में इनकी क्षमता बहुत कम है। ऐसे कार्ड खोजना जो इस फाइटर जेट में फिट हो सकें। इसके सॉफ्टवेयर के साथ काम कर सकें और विमान की जरूरतों को पूरा कर सकें, एक बड़ी चुनौती रही है। साथ ही यह चिंता भी है कि आज के ज्यादा क्षमता वाले आधुनिक कार्ड शायद इसके साथ काम न कर पाएं।
नए नोटिस में इन कार्डों का संबंध F-22 के DTC से बताया गया है, लेकिन सार्वजनिक जानकारी में यह विस्तार से नहीं बताया गया है कि इन कार्डों का इस्तेमाल कैसे होता है या एयरफोर्स को इनकी कितनी संख्या में जरूरत पड़ सकती है।
रिपोर्ट
F-22 में बड़ी-बड़ी खामियां
F-22 की उच्च-तीव्रता वाले युद्ध में उपयोगिता पर बार-बार सवाल उठाए गए हैं, क्योंकि वायु सेना में इस विमान की उपलब्धता दर सबसे खराब रही है। नए F-35 की तुलना में, F-22 में उन्नत स्टील्थ, नेटवर्क-केंद्रित युद्ध, डेटा साझा करने, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध या इलेक्ट्रॉनिक खुफिया जैसी क्षमताओं का अभाव है।
साथ ही, इसे संचालित करना कहीं अधिक महंगा है, इसके रखरखाव में बहुत मेहनत लगती है, और इसे आधुनिक बनाना भी काफी चुनौतीपूर्ण है। यही कारण है कि वायु सेना तय समय से कई दशक पहले ही F-22 को सेवा से हटाने की योजना बना रही है।
जहां F-22 के उत्पादन को, इसके सेवा में आने के चार साल से भी कम समय के भीतर कम करने की मंजूरी दे दी गई थी। वहीं इसकी पूर्ववर्ती चौथी पीढ़ी का विमान F-15 आज भी उत्पादन में है और उसे लगातार ऑर्डर मिल रहे हैं। F-15 का डिजाइन कम समस्याओं वाला है और दशकों तक चले इसके उत्पादन के दौरान इसमें लगातार अपग्रेड किए जाते रहे हैं।
रिपोर्ट
F-22 बनाम J-20...और आगे निकल गया चीन
वेबसाइट नेशनल इंटरेस्ट के अनुसार, F-22 रैप्टर हर तरह से स्टील्थ (छिपने की क्षमता), करीबी लड़ाई में पैंतरेबाजी और हवाई वर्चस्व में बेहतरीन है। वहीं, चेंगदू J-20 'माइटी ड्रैगन' लंबी दूरी के इंटरसेप्शन, ज्यादा ईंधन क्षमता और मिसाइलों की लंबी मारक क्षमता पर केंद्रित है।
F-22 रैप्टर (USA): इसे हवाई वर्चस्व कायम करने और दुश्मन के कड़े पहरे वाले हवाई क्षेत्र में घुसने के लिए बनाया गया है। यह 2005 में सेवा में शामिल हुआ; इसमें स्टील्थ के अनुकूल एयरफ्रेम और टू-डायमेंशनल थ्रस्ट वेक्टरिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।
J-20 'माइटी ड्रैगन' (चीन): इसे लंबी दूरी की गश्त, 'एंटी-एक्सेस/एरिया डिनायल' (A2/AD) और टैंकर या AWACS जैसे महत्वपूर्ण लक्ष्यों को निशाना बनाने के लिए बनाया गया है। यह 2017 में सेवा में आया और इसमें बड़े 'कनार्ड-डेल्टा' लेआउट का इस्तेमाल किया गया है।
रेंज, पेलोड और बेड़े का आकार के मामले में चीनी विमान आगे
चीन का J-20 की कॉम्बैट रेंज (लड़ाकू दायरे) काफी ज्यादा है और यह लंबी दूरी की 'एयर-टू-एयर' मिसाइलें ले जा सकता है, जो दूर स्थित लक्ष्यों को निशाना बनाने के लिए डिजाइन की गई हैं। F-22 की कॉम्बैट रेंज कम (लगभग 460–600 नॉटिकल मील) है।
यह अपने इंटरनल बे (भीतरी खानों) और तोप के जरिए 'एयर-टू-एयर' वर्चस्व पर ध्यान केंद्रित करता है। F-22 का उत्पादन 200 से कम जेट बनने के साथ समाप्त हो गया (इनमें से लगभग 183 जेट अभी भी बेड़े में मौजूद हैं)। चीन के J-20 का उत्पादन अभी भी जारी है और इसके 300 से अधिक विमान बनाए जा चुके हैं।