साल 2021 में भारतीय क्रिकेट टीम ने साउथ अफ्रीका के सेंचुरियन में इतिहास रच दिया। इस मैदान पर जीत हासिल करने वाली टीम इंडिया पहली एशियाई टीम बनी, जिसमें खास योगदान मोहम्मद शमी के 8 विकेट और केएल राहुल की 123 रन की पारी का रहा। राहुल का यह स्कोर साउथ अफ्रीका की धरती पर किसी भारतीय ओपनर की सबसे बड़ी पारी है। टेस्ट मैच में शमी और जसप्रीत बुमराह ने मिलकर साउथ अफ्रीका को पहली पारी में 197 रन और दूसरी पारी में 191 रन पर लुढ़का दिया। हालांकि साउथ अफ्रीका के कप्तान डीन एल्गर ने दूसरी पारी में 77 रन बनाने के लिए 4 घंटे तक बैटिंग की, लेकिन टीम इंडिया को 113 रन की जीत हासिल करने से नहीं रोक सके। बुमराह ने मैच में 5 विकेट लिए।


