गुरुचरण सिंह को गायब होने के लिए किया गया था मजबूर! लापता होने पर पहली बार तोड़ी चुप्पी, बोले- सबका जवाब दूंगा
Updated on
28-05-2024 05:36 PM
टीवी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के मिस्टर सोढ़ी यानी गुरुचरण सिंह कुछ हफ्ते पहले अचानक ही लापता हो गए थे, जिसके बाद पिता ने पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। करीब 25 दिन बाद गुरुचरण सिंह अचानक ही घर वापस लौट आए थे। किसी को भी समझ नहीं आ रहा था कि आखिर गुरुचरण अचानक ही कहां चले गए थे और फिर कैसे लौट आए। अब हाल ही गुरुचरण सिंह ने पहली बार अपने अचानक कहीं जाने पर चुप्पी तोड़ी है। गुरुचरण सिंह ने यह भी कहा है कि वह उन सभी सवालों के जवाब देंगे, जो लोगों के मन में उठ रहे हैं। गुरुचरण ने कहा कि उन्हें जिस वजह से घर-बार छोड़कर जाने को मजबूर किया था, उसके बारे में भी बताएंगे।
Gurucharan Singh ने घर वापस लौटने के बाद पहली बार इस मामले पर चुप्पी तोड़ी है और बताया है कि उनके साथ क्या चल रहा था। यह भी कहा जा रहा था कि गुरुचरण तनाव में थे और हेल्थ इशूज से भी जूझ रहे थे। उन्होंने 'टाइम्स नाउ' को दिए इंटरव्यू में इस बारे में भी बताया। मालूम हो कि गुरुचरण सिंह ने 'तारक मेहता...' छोड़ने के साथ ही एक्टिंग को भी अलविदा कह दिया था और दिल्ली के पालम स्थित घर वापस लौट आए थे।
गुरुचरण कहां चले गए थे? घरवालों को क्यों नहीं बताया? यह बोले
गुरुचरण सिंह से पूछा गया कि वह अकेले कहां चले गए थे और कहा जा रहा था कि कि वह धार्मिक यात्रा पर गए हैं, तो अपने घरवालों को क्यों नहीं बताया? जवाब में वह बोले, 'मैं इस बारे में जल्द ही आप लोगों को बताऊंगा। वो क्या वजह है, जिसने मुझे अकेले जाने पर मजबूर किया, वो जल्द बताऊंगा। बस मुझे थोड़ा सा वक्त दीजिए। अभी मुझे कुछ लीगल फॉर्मैलिटीज पूरी करनी हैं, कुछ बता नहीं सकता।'
'क्लोजिंग हो जाने दो, सब सवालों के जवाब मिलेंगे'
गुरुचरण सिंह ने आगे कहा कि एक बार सब क्लोजिंग हो जाने पर वह सभी सवालों के जवाब देंगे। वह बताएंगे कि क्या कुछ चल रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी तरफ से कुछ चीजें पेंडिंग थीं, वो हो गई हैं। अब बस उनके पिता की तरफ से कुछ चीजें बाकी हैं। गुरुचरण ने बताया कि अभी चुनाव की वजह से उनका काम अटक गया है। कोर्ट से जुड़ी कुछ चीजों पर काम बाकी है।
गुरुचरण सिंह के सिर में उठा था दर्द
गुरुचरण सिंह ने अपनी हेल्थ के बारे में भी बात की और बताया कि कुछ दिन पहले उनके सिर में अचानक ही तेज दर्द उठा था, पर अब वह ठीक हैं। पूर्व एक्टर ने कहा कि अब उनके साथ चीजें धीरे-धीरे ठीक हो रही हैं। मालूम हो कि गुरुचरण सिंह 22 अप्रैल को दिल्ली से मुंबई जाने के लिए निकले थे। लेकिन उन्होंने दिल्ली एयरपोर्ट से मुंबई के लिए फ्लाइट नहीं ली। यही नहीं, पुलिस के मुताबिक, उन्होंने अपना एक फोन पालम में ही कहीं छोड़ दिया था। वह दिल्ली एयरपोर्ट पर तो दिखे, पर उसके बाद कहीं नजर नहीं आए। पिता की शिकायत के बाद पुलिस तुरंत ही गुरुचरण सिंह की खोज में जुट गई थी। जांच के दौरान पता चला कि गुरुचरण सिंह 27 ईमेल और 10 बैंक खातों का इस्तेमाल कर रहे थे।
मलयालम फिल्मों के प्रोड्यूसर और बिजनसमैन मुरली कुन्नुमपुराथ को मॉलीवुड में 'वेल्लम' जैसी फिल्म के लिए जाना जाता है। जयसूर्या स्टारर इस फिल्म ने साल 2021 में खूब सुर्खियां बटोरी…
पॉपुलर टीवी एक्ट्रेस सारा खान ने दिसंबर 2025 में 'लक्ष्मण' सुनील लहरी के बेटे और एक्टर कृष पाठक से शादी की थी। दोनों ने हिंदू और मुस्लिम रीति-रिवाजों से शादी…
अब्बास-मुस्तन के डायरेक्शन में बनी सलमान खान, प्रीति जिंटा और रानी मुखर्जी की 2001 की रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'चोरी चोरी चुपके चुपके' को अक्सर बॉलीवुड में सरोगेसी के शुरुआती दौर…