Select Date:

पति-सास-देवर ने नवविवाहिता को गला घोंटकर मार-डाला:सुसाइड दिखाने फंदे पर शव लटकाया, दहेज के लिए हत्या, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुला राज

Updated on 30-09-2026 01:25 PM

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नवविवाहिता की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि पहले पति, देवर और सास ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद पट्टे से उसका गला कस दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी के फंदे से लटका दिया।

मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ससुराल वाले पैसे की मांग कर रहे थे। साथ ही दो बेटियां होने पर महिला को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। पुलिस ने मामले में पति, देवर और सास को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सकरी थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम सकर्रा की रहने वाली दुर्गा निर्मलकर (26) की शादी 2022 में सैदा के रहने वाले रोहित निर्मलकर से हुई थी। शादी के बाद दुर्गा की दो बेटियां हुईं। आरोप है कि दूसरी बेटी के जन्म के बाद से ही पति और ससुराल वाले उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे।

पति आए दिन दुर्गा के साथ मारपीट करता था। साथ ही मायके से 1 लाख 65 हजार रुपए लाने का दबाव बनाता था। 26 सितंबर को मायकेवालों को सूचना मिली कि दुर्गा बेहोश हो गई है। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

हालत गंभीर होने पर उसे सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ससुराल वालों ने मायकेवालों को बताया कि दुर्गा ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है।

मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

ग्राम सकर्रा के रहने वाले भाई विदेशी निर्मलकर ने बताया कि बहन दुर्गा निर्मलकर को ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। उससे 1 लाख 65 हजार रुपए की मांग की जा रही थी। शादी के बाद दो बेटियां होने पर भी उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था और मारपीट की जाती थी।

गला घोंटकर मारा, आत्महत्या बताने फंदे पर लटकाया शव

इधर, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मायके पक्ष और ससुराल वालों के बयान दर्ज किए। ससुराल पक्ष के लोग पहले पुलिस को गुमराह करते रहे। सख्ती से पूछताछ करने पर उनके बयानों में विरोधाभास सामने आया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दहेज को लेकर दुर्गा को लगातार प्रताड़ित करते थे। 26 सितंबर को विवाद के दौरान उन्होंने उसके साथ मारपीट की और गले में पट्टा डालकर खींचा, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को कमरे में साड़ी के सहारे फंदे पर लटका दिया।

पड़ोसियों ने शव को फंदे पर लटका देखा तो फंदा काटकर उसे नीचे उतारा और अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पति, देवर और सास गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी पति रोहित निर्मलकर (30), देवर मोहित निर्मलकर (25) और सास ठगिया निर्मलकर (60) के खिलाफ BNS की धारा 80, 238 और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर महिला के मायके वाले सिम्स अस्पताल पहुंच गए। जहां उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा मचाया। 


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 30 September 2026
रायपुर में गुटखा कारोबारी के ठिकाने पर डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) की टीम ने छापेमारी की है। महाराष्ट्र से मिले इनपुट के बाद अधिकारियों की टीम 3 गाड़ियों…
 30 September 2026
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नवविवाहिता की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि पहले पति, देवर और सास ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद पट्टे…
 30 September 2026
महाराष्ट्र से झारखंड और ओडिशा जाने वाले ट्रेन यात्रियों की परेशानी बढ़ने वाली है। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में ट्रैक बदलने का काम किया जाएगा। यह काम सीनी-राजखरसावां…
 30 September 2026
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में प्रोफेसर ने कॉलेज की छात्राओं से अश्लील डिमांड की है। शासकीय पंडित जवाहरलाल नेहरू कला एवं विज्ञान कॉलेज की छात्राओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रोफेसर जेपी…
 30 September 2026
रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में इन दिनों छत्तीसगढ़ यूथ इनोवेशन एंड एंत्रप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है। इस कॉन्क्लेव में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से युवा…
 30 September 2026
छत्तीसगढ़ के 100 से ज्यादा अस्पतालों में स्वास्थ्य विभाग ने छापा मारा है। बताया जा रहा है कि आयुष्मान कार्ड से फर्जी इलाज किए जाने की शिकायतें मिली थीं, जिसके…
 30 September 2026
रायपुर ।  प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान की भावना जनभागीदारी और सेवा के माध्यम से…
 29 September 2026
रायपुर (वीएनएस)। कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के बैगा बाहुल्य क्षेत्र तरेगांव जंगल और दलदली क्षेत्र में सेवा, पोषण और जनभागीदारी का अनूठा संगम देखने को मिला। ‘सेवा संकल्प अभियान’…
 29 September 2026
बेमेतरा । छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के 10वें प्रांतीय सम्मेलन में बिलासपुर के कवि एवं डेटा साइंटिस्ट डॉ. अंकुर शुक्ला ‘खावर’ को छत्तीसगढ़ी भाषा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा…
Advt.