डच विदेश मंत्री ने ट्रंप की धमकी को बताया ब्लैकमेल
डच विदेश मंत्री डेविड वैन वील ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आठ यूरोपीय देशों पर ग्रीनलैंड को समर्थन देने के कारण टैरिफ लगाने की योजनाओं को "ब्लैकमेल," "समझ से बाहर," और "अनुचित" बताया। रविवार को प्रसारित टेलीविजन करंट अफेयर्स शो 'डब्ल्यूएनएल ऑप जोनदाक' पर वैन वील ने कहा कि अब यह सुनिश्चित करने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए कि "यह बेतुकी योजना" रद्द हो जाए। मंत्री ने कहा, "यह ब्लैकमेल है, और यह अपने सहयोगियों के साथ काम करने का तरीका नहीं है।" उन्होंने कहा कि धमकियों के बावजूद, नीदरलैंड्स नाटो अभ्यास की तैयारियों में हिस्सा लेने के लिए आर्कटिक द्वीप पर भेजे गए दो लोगों को वापस बुलाने की योजना नहीं बना रहा है। एक बार जब असली ऑपरेशन शुरू हो जाएगा, तो नीदरलैंड्स और सैनिक भेजेगा, लेकिन कितने, यह अभी तय नहीं हुआ है।
टैरिफ लगाने की ट्रंप की धमकी ‘बिल्कुल गलत’:ब्रिटिश प्रधानमंत्री
ब्रिटिश प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर ने ग्रीनलैंड को कब्जे में लेने की कोशिश का विरोध करने वाले यूरोपीय देशों पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अतिरिक्त शुल्क लगाने की धमकी को ‘पूरी तरह से गलत’ करार दिया है। प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान के मुताबिक, स्टॉर्मर ने कहा,"ग्रीनलैंड पर हमारा रुख बहुत स्पष्ट है - यह डेनमार्क साम्राज्य का हिस्सा है और इसका भविष्य ग्रीनलैंडवासियों और डेनमार्क के लोगों का मामला है।" उन्होंने कहा, "हमने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि आर्कटिक सुरक्षा नाटो (उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन) के लिए महत्वपूर्ण है और सभी सहयोगियों को आर्कटिक के विभिन्न हिस्सों में रूस से उत्पन्न खतरे से निपटने के लिए मिलकर और अधिक प्रयास करने चाहिए।" प्रधानमंत्री ने कहा, "नाटो सहयोगियों की सामूहिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उन पर शुल्क लगाना पूरी तरह गलत है। हम निश्चित रूप से इस मामले को सीधे अमेरिकी प्रशासन के सामने उठाएंगे।"
मेलोनी बोलीं, 'ग्रीनलैंड टैरिफ की धमकी एक गलती
इटली की प्रधानमंत्री ने रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ग्रीनलैंड पर कब्जा करने की योजना के विरोधियों पर टैरिफ लगाने की धमकी को "गलती" बताया और कहा कि उन्होंने ट्रंप को अपने विचार बता दिए हैं। प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने सोल की यात्रा के दौरान पत्रकारों से कहा, "मेरा मानना है कि आज नए प्रतिबंध लगाना एक गलती होगी।" उन्होंने आगे कहा कि "मैंने कुछ घंटे पहले डोनाल्ड ट्रंप से बात की और उन्हें बताया कि मैं क्या सोचती हूं।"


