नई दिल्ली: भारत-रूस की साझेदारी नए मुकाम पर पहुंच रही है। पश्चिम एशिया में जारी टेंशन के बीच ऐसा हुआ है। रूस अब भारत में ऐसी दुर्लभ तकनीकों को ट्रांसफर करने की योजना बना रहा है, जिन्हें वह आमतौर पर किसी के साथ साझा नहीं करता। इसके साथ ही ताजा सरकारी आंकड़ों से पता चलता है कि भारत अपनी सप्लाई चेन को सुरक्षित करने के लिए रूस से कच्चे तेल (क्रूड) के अलावा खाद, कोयला, खाद्य तेल और दालों की खरीद भी तेजी से बढ़ा रहा है।
भारत को रूस का महाऑफर
रूस अब भारत के साथ एक मजबूत इंडस्ट्रियल पार्टनरशिप बनाना चाहता है। इसके लिए वह ऐसी दुर्लभ और एडवांस तकनीकें साझा करने की तैयारी में है, जिन्हें वह आमतौर पर किसी अन्य देश को नहीं देता। मॉस्को में आयोजित एक इंडस्ट्रियल मीटिंग के दौरान रूसी व्यापार मंत्री एंटोन अलीखानोव ने यह जानकारी दी।
रूसी मंत्री के मुताबिक, रूस एक ऐसा प्रस्ताव तैयार कर रहा है, जो भारत की तकनीकी संप्रभुता और ज्ञान अर्जन के लिहाज से बेहद आकर्षक होगा। सूत्रों के मुताबिक, इस योजना में भारत में विमान मैन्युफैक्चरिंग के लोकलाइजेशन और जटिल उत्पादों के निर्माण को बढ़ावा देने पर खास फोकस है।
इससे पहले सितंबर में अपनी भारत यात्रा के दौरान अलीखानोव ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की की थी। इस दौरान भारत-यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन (EAEU) मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को तेज करने और द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने पर चर्चा की थी।
भारत-रूस के बीच बढ़ा व्यापार का दायरा
वहीं, ताजा सरकारी व्यापार आंकड़ों से पता चलता है कि भारत-रूस के बीच व्यापार का दायरा तेजी से फैल रहा है। इसमें गैर-तेल वस्तुओं की हिस्सेदारी बढ़ी है।
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर 2026) में भारत ने रूस से कुल 47.28 अरब डॉलर का आयात किया। इसमें करीब 15 फीसदी (7.04 अरब डॉलर) हिस्सा कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों के अलावा अन्य वस्तुओं का है।
चीन के बाद रूस अब भारत का दूसरा सबसे बड़ा ट्रेड इंपोर्ट सोर्स बन गया है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि पश्चिम एशिया में जारी जंग की स्थिति के चलते सप्लाई चेन में व्यवधान आए हैं। इससे बचने के लिए भारत अपने कच्चे माल और वस्तुओं की खरीद में विविधता ला रहा है। इससे रूसी वस्तुओं की मांग बढ़ी है।
सबसे चौंकाने वाली बढ़ोतरी
आंकड़ों के विश्लेषण से साफ है कि चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में रूस से कोयला, उर्वरक और कृषि उत्पादों के आयात में जबरदस्त उछाल आया है। अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान रूस से कोयला, कोक और ब्रिकेट का इंपोर्ट 36 फीसदी बढ़ा है। यह बढ़कर 2.56 अरब डॉलर हो गया।
वहीं, फर्टिलाइजर का आयात 60 फीसदी से ज्यादा की छलांग लगाकर 2.12 अरब डॉलर तक पहुंच गया। इसी तरह वनस्पति तेल का इंपोर्ट 42 फीसदी बढ़ा। यह बढ़कर करीब 1 अरब डॉलर और अलौह धातुओं (नॉन फेरस मेटल्स) का आयात 162 फीसदी बढ़ा। यह बढ़कर 11.22 करोड़ डॉलर रहा।
सबसे चौंकाने वाली बढ़ोतरी दालों के आयात में दिखी है। सिर्फ छह महीनों में भारत ने रूस से 9.53 करोड़ डॉलर की दालें खरीदीं। यह पिछले पूरे वित्त वर्ष (2025-26) के कुल 8.11 करोड़ डॉलर के आयात से भी ज्यादा है।
व्यापार में रूस का पलड़ा भारी
कच्चे तेल के मोर्चे पर भी रूस से भारत की खरीद मजबूत बनी हुई है। पहली छमाही में 40.25 अरब डॉलर का तेल आयात किया गया है। यह पिछले पूरे वित्त वर्ष के कुल तेल आयात (44.38 अरब डॉलर) का करीब 90 फीसदी है।
दोनों देश व्यापार असंतुलन को कम करने और आर्थिक सहयोग बढ़ाने की दिशा में भी काम कर रहे हैं। वित्त वर्ष 2024-25 में द्विपक्षीय व्यापार 68.7 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। 2025-26 में यह करीब 60 अरब डॉलर था। इसमें भारत का निर्यात 5 अरब डॉलर से कम था।
वैसे हाल के दिनों में रूसी बाजार में भारतीय मांस, समुद्री उत्पाद, सब्जियां, चाय, कॉफी और मसालों की मांग में तेजी आई है। अगस्त 2025 में EAEU के साथ औपचारिक रूप से शुरू हुई FTA वार्ता से भारतीय एक्सपोर्ट को बड़ा प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।