धौलपुर जिले के राजाखेड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक सड़क हादसा हो गया। कार पलटने से दो लोगों की मौत हो गई। अलसुबह 4 बजे राहगीरों को कार पलटी हुई मिली, मौके पर एक शव कार के पास ही बाहर मिला जबकि एक शव कार में फंसा हुआ मिला।
हादसा गढ़ी आछेलाल से महुआन का पुरा के बीच की सड़क पर हुआ।
राजाखेड़ा थानाधिकारी वीर सिंह ने बताया - अलसुबह 4 बजे जब राहगीरों ने कार पलटी हुई देखी तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो गढ़ी आछेलाल गांव से करीब 1 किलोमीटर दूर कार पलटी हुई मिली। एक शव कार के पास ही बाहर गिरा मिला, जबकी एक बॉडी कार में ही ड्राइवर सीट पर फंसी हुई थी। दोनों शव पूरी तरह से लहूलुहान हालत में थे।
मृतकों में गढ़ी आछेलाल निवासी राजकुमार (40) और दिघी निवासी भूपेंद्र (38) के रूप में हुई। पुलिस की गाड़ी देखकर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों में मृतकों के परिजन भी थे। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार को सीधा कर शव को बाहर निकाला और शहीद राघवेंद्र सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मॉर्च्युरी में पहुंचाया।
ग्रामीणों ने बताया कि राजकुमार शादीशुदा था और उसकी दो बेटियां और एक बेटा है। वहीं भूपेंद्र के 5 साल का एक बेटा है।
थानाधिकारी ने बताया - दोनों कहां जा रहे थे। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।