सुप्रीम कोर्ट में एक बेंच ने 130 साल पुराना क‍िस्‍सा सुनाया. असल में इस क‍िस्‍से को सुनाने के पीछे वजह थी न्‍याय‍िक न‍िष्‍पक्षता के स‍िद्धांत को समझाने की जब इस बेंच के पास ऐसा ही केस सामने आया. यह द‍िलचस्‍प क‍िस्‍सा बॉम्‍बे हाईकोर्ट के जस्‍ट‍िस बदरुद्दीन तैयबजी से जुड़ा है ज‍िनके दोनों बेटे वकील थे. ये दोनों बेटे अपने ही प‍िता की अदालत में केस लड़ते थे और जब इस पर सवाल उठा तो तैयबजी ने ऐसा जवाब द‍िया ज‍िसकी आज भी अदालतों में चर्चा होती है.

लाइव लॉ की र‍िपोर्ट के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस मनोज मिश्रा और जस्टिस मनमोहन की बेंच के पास जब एक केस की सुनवाई चल रही थी तब इस क‍िस्‍से के जर‍िए बताया गया क‍ि पहले के समय में जज के करीबी रिश्तेदारों का उनकी अदालत में पेश होना अपने आप में अयोग्यता नहीं माना जाता था लेकिन अब कानून में बदलाव आ चुका है. आज अगर किसी जज या जांच अधिकारी के करीबी रिश्तेदार से जुड़ा कोई मामला कोर्ट में आता है तो इससे पक्षपात की आशंका पैदा होना माना जाता है जो निष्पक्षता के सिद्धांत के खिलाफ हो सकता है.

कौन थे जस्टिस बदरुद्दीन तैयबजी?

जस्टिस बदरुद्दीन तैयबजी बॉम्बे हाईकोर्ट के पहले भारतीय बैरिस्टर थे. वह वर्ष 1895 में बॉम्बे हाईकोर्ट के जज बने और वर्ष 1902 में उन्‍होंने मुख्य न्यायाधीश का पदभार संभाला था. इस पद तक पहुंचने वाले वह पहले भारती थे. तैयबजी के दोनों बेटे भी वकालत करते थे और अपने पिता की अदालत में पेश होते थे. उस समय बॉम्बे के वकील अपने मुवक्किलों की ओर से दोनों बेटों को केस सौंपते थे. कोर्टरूम में कई बार बड़ा द‍िलचस्‍प सीन होता था. पिता जज की कुर्सी पर एक बेटा वादी यानी श‍िकायत करने वाले पक्ष की तरफ से दलीलें देता था तो दूसरा प्रत‍िवादी यानी आरोपी पक्ष की ओर से पेश होता था.

जब मुख्य न्यायाधीश ने उठाया था सवाल

सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने डॉ.बलराम के.गुप्ता के एक लेख और दिवंगत वरिष्ठ वकील फली एस.नरीमन की आत्मकथा के हवाले से यह किस्सा सुनाया. बताया गया कि जस्टिस तैयबजी के दोनों बेटे एक ही घर में रहते थे और साथ खाना खाते थे. चर्चा थी कि वे खाने की मेज पर अपने केसों के बारे में भी बातचीत करते थे. यह बात उस समय के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सर लॉरेंस जेनकिंस तक पहुंची. उन्होंने जस्टिस तैयबजी को संदेश भेजकर पूछा कि क्या उनके दोनों बेटों का उनकी अदालत में पेश होना उचित है? इस पर जस्टिस तैयबजी ने कड़े शब्दों में जवाब दिया और कहा, ‘जाओ और मुख्य न्यायाधीश से कहो कि वे अपने काम से काम रखें.’ इसके बाद यह मामला वहीं खत्म हो गया. जस्टिस तैयबजी अपने सामने आने वाले मामलों की सुनवाई करते रहे और निष्पक्ष तरीके से फैसले देते रहे.