ग्वालियर में करवाचौथ के बाद दीपावली की तैयारियों के साथ घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ भी बढ़ने लगी है। ग्वालियर रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर शनिवार को यात्रियों की संख्या में अचानक इजाफा हुआ। ट्रेनों में 8 नवंबर यानी दीपावली तक वेटिंग 80 से 90 के पार पहुंच गई है। ऐसे में त्योहार पर घर पहुंचने के लिए यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहे हैं।
स्टेशन पर मेमू और जनरल कोचों में सबसे ज्यादा भीड़ नजर आई। कई यात्री परिवार के साथ खड़े होकर सफर करने को मजबूर हैं। तत्काल टिकट काउंटरों पर सुबह से ही कतारें लग गईं। शनिवार सुबह के शुरुआती पांच घंटों में ही एक हजार से ज्यादा अनारक्षित टिकट बिक गए।
मेमू और जनरल कोच में चढ़ने-उतरने के लिए मशक्कत
शनिवार को स्टेशन पर यात्रियों को ट्रेनों में चढ़ने और उतरने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। मेमू ट्रेनों में क्षमता से ज्यादा भीड़ दिखाई दी। त्योहार पर घर जाने की जल्दी में यात्री परिवार और सामान के साथ जनरल कोचों में सफर कर रहे हैं। वहीं, तत्काल टिकट खिड़कियों पर भी सुबह से लंबी कतारें लगी रहीं।
भीड़ कम करने रेलवे चलाएगा स्पेशल ट्रेनें
त्योहारी सीजन में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनें चलाने और कुछ ट्रेनों में अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाने का निर्णय लिया है।
दिल्ली-ग्वालियर-झांसी अनारक्षित स्पेशल (04412): निजामुद्दीन से चलकर ग्वालियर होते हुए झांसी जाने वाली ट्रेन 5, 6 और 7 नवंबर को संचालित होगी। इससे अंतिम समय में यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
ग्वालियर-रीवा साप्ताहिक स्पेशल (01751/52): दतिया, झांसी, बांदा और सतना के रास्ते रीवा तक 25 नवंबर तक फेरे लगाएगी।
दक्षिण भारत-दिल्ली स्पेशल (06073/74): कोच्चुवेली/तिरुवनंतपुरम और हजरत निजामुद्दीन के बीच 4 से 19 नवंबर तक 18 एसी-3 LHB कोचों के साथ संचालित होगी।
खजुराहो-उदयपुर सिटी (04141/42): राजस्थान और बुंदेलखंड रूट पर अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाए गए हैं।
ग्वालियर-गांधीनगर एक्सप्रेस: इस ट्रेन में भी अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़े गए हैं।
यात्रा से पहले NTES ऐप पर चेक करें ट्रेन का स्टेटस
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि त्योहार के दौरान भीड़ और ट्रेनों के संचालन में बदलाव को देखते हुए यात्रा से पहले NTES ऐप या रेलवे हेल्पलाइन 139 पर ट्रेन की समय-सारणी, प्लेटफॉर्म और करंट स्टेटस की जानकारी जरूर लें।