नई दिल्ली: इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की व्यक्तिगत रूप से तारीफ की है और उन्हें गुजराती मित्र बताया है। साथ ही पित्रोदा ने कहा कि एक इंसान के तौर पर वे पीएम मोदी का बहुत सम्मान करते हैं और उनके बीच कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं है। अब पित्रोदा की इस तारीफ पर सियासी प्रतिक्रिया आनी शुरू हो गई है। शिवसेना(यूबीटी) की नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कांग्रेस पार्टी को नसीहत दी है। उन्होंने कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम से सवाल भी पूछे हैं।
क्या कहा प्रियंका चतुर्वेदी ने
दरअसल, प्रियंका चतुर्वेदी ने सैम पित्रोदा द्वारा पीएम मोदी की तारीफ करने के बाद एक राजनीतिक पोस्ट किया जिसमें उन्होंने लिखा ''सोचती हूं कि सोशल मीडिया पर INC की ट्रोल गैंग/‘अनौपचारिक’ सपोर्ट सिस्टम इस पर क्या कहेगा? मुझे भी उनके इस ‘प्यार’ का सामना करना पड़ा है, उम्मीद है कि वे अपने ही किसी व्यक्ति पर भी ऐसा ही ‘प्यार’ बरसाएंगे।''
पीएम मोदी ने सैम पित्रोदा की जमकर की तारीफ
सैम पित्रोदा ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि वे एक गुजराती मित्र हैं। एक व्यक्ति के तौर पर मैं उनका सम्मान करता हूं। मेरी पत्नी और मैं उनसे मिल चुके हैं। व्यक्तिगत स्तर पर वे बहुत ही आत्मीय, दयालु, स्नेही और परवाह करने वाले रहे हैं। बेशक, वे एक अच्छे वक्ता हैं और मेहनती भी हैं, और हमारी आपस में अच्छी बनती है।
हमारे बीच कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं हैं। एक गुजराती नेता, मित्र या शुभचिंतक के रूप में, मुझे पीएम मोदी से कोई शिकायत नहीं है। उन्होंने मेरे प्रति बहुत आत्मीयता दिखाई है, और मैं इसकी कद्र करता हूं। इसी तरह, मैं गुजरात में उनके घर भी कई बार जा चुका हूं।