उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के कुछ ही महीने बाक़ी हैं. समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट साझेदारी को लेकर खींचतान तीखी बयानबाज़ी में तब्दील हो गई है.

पश्चिम यूपी में इक़रा हसन समाजवादी पार्टी से और इमरान मसूद कांग्रेस से सांसद हैं. गठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर वार्ता में दोनों ही अपनी अपनी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल में शामिल हैं.

दोनों दलों के बीच तीन दिनों तक चली वार्ता के बाद भी सीट शेयरिंग को लेकर स्थिति साफ़ नहीं है. लेकिन इस बीच इमरान मसूद और इक़रा हसन के बीच ज़ुबानी जंग बढ़ गई है.

बयानबाज़ी तब शुरू हुई जब पहले दिन की वार्ता के बाद मंगलवार शाम को समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के लिए 26 सीटें देने की बात की. इसके बाद पार्टी ने अपने पांच उम्मीदवारों की सीटें भी घोषित कर दीं, जिनमें दो सीटें सहारनपुर संसदीय क्षेत्र से थीं जहां से इमरान मसूद सांसद हैं.

सपा की ओर सीटें घोषित किए जाने के बाद इमरान मसूद ने तीखी प्रतिक्रिया दी.

उन्होंने कहा "हम भिखारी नहीं हैं, जो अखिलेश जी की ख़ैरात का इंतज़ार कर रहे हैं. मैं समझ नहीं पा रहा हूँ कि आप कांग्रेस को भिखारी कैसे मान सकते हैं. हमने आपसे सीटें नहीं मांगी थीं और आपने खुद ही सीटों का एलान कर दिया."

इक़रा हसन ने इस शब्दावली के इस्तेमाल पर 'आपत्ति' जताई और साथ ही ये भी कहा कि ज़मीनी हक़ीक़त के आधार पर गठबंधन तय होता है.

इस बीच इमरान मसूद ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती के साथ गठबंधन के संकेत दिया जिससे मामला और तूल पकड़ गया. हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि 'ऐसी कोई बात नहीं है.'

इमरान मसूद ने कहा, "हमने सभी को साथ में आने को कहा है जो धर्मनिरपेक्ष लोग हैं. मगर बहनजी (मायावती) निकलें तो...वे निकलती नहीं हैं."

उन्होंने आगे सपा-कांग्रेस गठबंधन में खींचतान और उम्मीदवारों की घोषणा पर कहा, "गठबंधन होगा तो सम्मान के साथ होगा... हम किसी दबाव में न थे, न हैं और न ही होंगे. जहां राहुल गांधी खड़े होंगे भाजपा को हराने की लड़ाई वहां से शुरू होगी. हम पूरे देश में बीजेपी से लड़ रहे हैं."

सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए समाजवादी पार्टी ने रामगोपाल यादव, श्यामलाल पाल, राजीव राय और इक़रा हसन की कमेटी बनाई है, जबकि कांग्रेस की कमेटी में राजेंद्र पाल गौतम, यूपी प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, इमरान मसूद और केसी वेणुगोपाल शामिल हैं.

तय हुआ था कि इन कमेटियों के बीच बातचीत के बाद एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार होगी, जिसे दोनों दल अपने-अपने नेतृत्व को सौंपेंगे.

यह वार्ता सोमवार, मंगलवार और बुधवार को हुई. लेकिन एक दौर की वार्ता के बाद ही टकराव सामने आ गए जब इमरान मसूद ने कहा, "जो गठबंधन होगा वो सम्मान के साथ होगा, बात होगी तो सम्मान के साथ होगी. चर्चा कमरे में होगी और प्रेस वाले हमें सूची देंगे तो ये कोई बात नहीं होती है. जहां राहुल गांधी खड़े होंगे, बीजेपी को हराने की लड़ाई वहां से शुरू होगी. उनके बिना उस लड़ाई का कोई वजूद नहीं है."

कांग्रेस के 60 सीटों पर मान जाने की ख़बरों पर गुरुवार को इमरान मसूद ने कहा, "फिर हमारे चुनाव लड़ने का क्या मतलब है? क्या हम इस चुनाव का मज़ाक बना रहे हैं? हमें अपनी पार्टी का अस्तित्व स्थापित करना है. हमें अपनी पार्टी को मज़बूत करना है और इसके लिए मैं जो कुछ कर सकता हूं, वह करूंगा..."

समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र जारी करने के कार्यक्रम में बुलाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा, "मुझे इसकी जानकारी नहीं है. उम्मीदवारों की सूची समाजवादी पार्टी की है और घोषणापत्र भी समाजवादी पार्टी का है, तो आप मुझसे क्यों पूछ रहे हैं? गठबंधन का मतलब ही यह है कि आम तौर पर साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस होती है. गठबंधन का यही मतलब है. मुझे नहीं पता कि यहां कुछ और हो रहा है या नहीं.

उन्होंने कहा कि जब अखिलेश जी मुख्यमंत्री थे हमने 107 सीटों पर चुनाव लड़ा था, अभी तो बनना (मुख्यमंत्री) है.

वार्ता में कांग्रेस की ओर से इमरान मसूद का रुख़ अधिक हमलावर रहा है.

सीट बंटवारे को लेकर उन्होंने एक दिन पहले ही कहा था, "हम आपके प्रस्ताव को क्यों लेंगे. हमने आपसे 26 सीटों के लिए कहा था? हमें नहीं चाहिए आपकी 26 सीटों का प्रस्ताव. हम भिखारी तो नहीं हैं. अगर हम दिल्ली में गठबंधन पर बातचीत के लिए बैठे हैं, और फिर आप लखनऊ से घोषणा कर रहे हैं तो फिर उस चर्चा के मायने क्या हैं? हमें पत्रकारों से पता चले कि आपने 26 सीटें घोषित कर दीं, तो फिर चर्चा क्यों हो रही है."

हालांकि, समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की ओर से कोई बड़ा बयान नहीं आया है, लेकिन पार्टी की सांसद इक़रा हसन ने इमरान मसूद के बयानों पर प्रतिक्रिया दी है.