बॉलीवुड अभिनेत्री पूजा बत्रा के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अभिनेत्री के पिता कर्नल रवि बत्रा का 20 नवंबर को निधन हो गया। पूजा ने गुरुवार को सोशल मीडिया के जरिए पिता के निधन की जानकारी साझा की। उन्होंने अपने पिता की कई पुरानी तस्वीरें पोस्ट करते हुए उन्हें याद किया और एक भावुक संदेश लिखा। अभिनेत्री ने बताया कि उनके पिता का निधन अस्पताल में हुआ और वह आखिरी समय में उनके पास भी नहीं पहुंच पाईं। पिता को खोने का दर्द बयां करते हुए पूजा ने लिखा कि उन्हें अब भी इस बात पर यकीन नहीं हो रहा है कि उनके पापा अब इस दुनिया में नहीं हैं।

'पापा, आप मेरी दुनिया का केंद्र थे'

पूजा बत्रा ने इंस्टाग्राम पर साझा की गई पोस्ट में लिखा, '20 नवंबर को मैंने अपने पापा को खो दिया। अस्पताल में ही उनका निधन हो गया और मैं उन तक पहुंच भी नहीं पाई। मुझे अभी भी इस बात पर यकीन नहीं हो रहा है। पापा, आपकी आवाज आज भी मेरे कानों में गूंजती है और आपकी मुस्कान हमेशा मेरे दिल में रहेगी।' अभिनेत्री ने आगे लिखा कि उनके पिता उनकी पूरी दुनिया का केंद्र थे और उनकी जिंदगी उन्हीं के इर्द-गिर्द घूमती थी। उन्होंने कभी अपने पिता के बिना जिंदगी बिताने के बारे में सोचा भी नहीं था। पूजा ने उन्हें एक बेहतरीन पिता बताया, जो हमेशा उनका और पूरे परिवार का ख्याल रखते थे।

दो युद्ध लड़े, गर्व से की देश की सेवा

अपने पिता को याद करते हुए पूजा ने उनके सैन्य जीवन और व्यक्तित्व का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कर्नल रवि बत्रा एक शानदार अधिकारी थे, जिन्होंने दो युद्धों में हिस्सा लिया और गर्व के साथ देश की सेवा की। अभिनेत्री ने पिता की हंसी, उनका खुशमिजाज स्वभाव, हर महफिल की जान होना और मां के प्रति उनके प्यार व सम्मान को याद किया। पूजा ने यह भी लिखा कि पिता का गाना, रोजमर्रा की जिंदगी में उनका मार्गदर्शन और उनका नेक व शानदार व्यक्तित्व हमेशा उनकी यादों में रहेगा। अभिनेत्री के मुताबिक यह उनके जीवन का सबसे अंधेरा दौर है। उन्होंने कहा कि पिता को खोना उनके परिवार और उन्हें जानने वाले हर व्यक्ति के लिए बहुत बड़ी क्षति है। पूजा ने भावुक होते हुए लिखा कि उन्हें विश्वास है कि उनके पिता अब सबसे ऊंचे स्वर्ग में हैं।

परमवीर चक्र विजेता अरुण खेत्रपाल से भी है पारिवारिक रिश्ता

पूजा बत्रा का परिवार भारतीय सेना से जुड़ा रहा है। उनके पिता कर्नल रवि बत्रा के अलावा परिवार का एक और सदस्य देश की सैन्य विरासत का अहम हिस्सा रहा है। शहीद सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल, पूजा के पिता के चचेरे भाई थे। पूजा पहले भी सोशल मीडिया पर इस रिश्ते का जिक्र कर चुकी हैं और अरुण खेत्रपाल के साहस पर गर्व जता चुकी हैं। अरुण खेत्रपाल 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान बसंतर की लड़ाई में महज 21 साल की उम्र में शहीद हो गए थे। उन्हें उनके अदम्य साहस और बलिदान के लिए मरणोपरांत देश के सर्वोच्च सैन्य सम्मान परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था।

कौन हैं पूजा बत्रा?

पूजा बत्रा बॉलीवुड अभिनेत्री और मॉडल हैं। उन्होंने 1993 में फेमिना मिस इंडिया इंटरनेशनल का खिताब जीता था। इसके बाद उन्होंने मनोरंजन जगत में कदम रखा और हिंदी फिल्मों के साथ दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी काम किया। पूजा 'विरासत', 'भाई', 'हसीना मान जाएगी', 'नायक' और 'कहीं प्यार न हो जाए' जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। वह अपनी खूबसूरती और अभिनय के साथ-साथ मॉडलिंग के लिए भी पहचानी जाती हैं। पिता के निधन की खबर सामने आने के बाद उनके प्रशंसक और करीबी उन्हें इस मुश्किल समय में हिम्मत देने के लिए संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।