ग्वालियर में दीपावली से पहले मंगलवार रात लूट की दो वारदातें हुईं। पहली घटना में हजीरा क्षेत्र की शर्मा फार्म रोड पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने ट्रिपल आईटीएम के असिस्टेंट प्रोफेसर की पत्नी से चलती स्कूटी पर बैग छीन लिया। झपट्टे से स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे दंपति घायल हो गया।

दूसरी वारदात गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के सूर्य मंदिर रोड पर हुई। यहां करीब आधा दर्जन युवकों ने एक आरक्षक के भाई से मारपीट कर मोबाइल और 20 हजार रुपए लूट लिए। प्रोफेसर की पत्नी से लूट के मामले में पुलिस ने FIR दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक CCTV कैमरों में बदमाश दिखाई दिए हैं।

चलती स्कूटी पर महिला के कंधे से झपटा बैग

ट्रिपल आईटीएम परिसर में रहने वाले सहायक प्राध्यापक डॉ. दीपक कुमार देवांगन मंगलवार रात करीब 11 बजे पत्नी प्रियंका साव को रेलवे स्टेशन से लेकर घर लौट रहे थे। दोनों स्कूटी पर सवार थे। हजीरा स्थित शर्मा फार्म रोड पर पीछे से एक बाइक पर आए तीन बदमाशों ने प्रियंका के कंधे से बैग छीनने के लिए झपट्टा मारा।

झपट्टे के कारण स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में प्रोफेसर और उनकी पत्नी घायल हो गए। बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर बैग लेकर फरार हो गए। दंपति ने पहले प्राथमिक इलाज कराया और फिर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

बैग में मोबाइल, नकदी और जरूरी दस्तावेज रखे थे

लूटे गए बैग में वनप्लस मोबाइल, चार्जर, ईयरफोन और 1500 रुपए नकद थे। इसके अलावा पैन कार्ड, आधार कार्ड और पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम कार्ड भी रखा था।

चाचा को अस्पताल दिखाकर लौट रहे युवक से मारपीट

दूसरी घटना गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में सूर्य मंदिर रोड पर हुई। भिंड जिले के मेहगांव निवासी सौरव शुक्ला एक आरक्षक के भाई हैं। मंगलवार रात वे अपने चाचा को इलाज के लिए शिंदे की छावनी स्थित अस्पताल लेकर आए थे। रात में चाचा को लेकर विजय लक्ष्मी विहार स्थित अपने घर लौट रहे थे।

रास्ते में सूर्य मंदिर रोड पर उन्होंने पेशाब करने के लिए गाड़ी रोकी। इसी दौरान करीब आधा दर्जन युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

सिर और शरीर पर चोटें, अस्पताल में कराया मेडिकल

सौरव के मुताबिक, बदमाशों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। हमले में उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। बदमाश उनका मोबाइल और जेब में रखे करीब 20 हजार रुपए छीनकर भाग गए।

घायल सौरव किसी तरह गोला का मंदिर थाने पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने उनकी हालत देखकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां मेडिकल परीक्षण कराया गया। चोट की गंभीरता को देखते हुए बुधवार सुबह उनका सिटी स्कैन भी कराया गया।

CCTV फुटेज में दिखे बदमाश, गिरफ्तारी का दावा

हजीरा थाना टीआई जितेंद्र सिंह और गोला का मंदिर थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने बताया, “ट्रिपल आईटीएम के प्रोफेसर और उनकी पत्नी से लूट हुई है। FIR दर्ज कर ली गई है। साथ ही गोला का मंदिर में एक लूट हुई है। CCTV कैमरे में बदमाश दिखाई दिए हैं, जल्द ही इन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”