भोपाल, मध्यप्रदेश की आदिवासी राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में इन दिनों नया घमासान छिड़ गया है। भाजपा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते और मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम के बीच विवाद अब खुलकर सामने आने लगा है।
गुरुवार को डिंडौरी दौरे पर पहुंचे सांसद कुलस्ते ने अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “सरकार को बदनाम करने और जनता को भड़काने वाले अफसर नहीं चाहिए। राजनीति करनी है तो चुनाव लड़कर जनता के बीच जाएं।”
कुलस्ते के इस बयान के बाद अपर सचिव मरकाम ने वीडियो जारी कर सांसद पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले चरण में जिन पिछड़े जिलों को मेडिकल कॉलेज देने की घोषणा की थी, उनमें मंडला भी शामिल था।
मरकाम ने सवाल उठाया कि जब दूसरे जिलों में मेडिकल कॉलेज खुल गए, तो मंडला का मेडिकल कॉलेज प्रोजेक्ट अब तक क्यों अटका हुआ है?मरकाम ने कहा था- जिले ने सुनहरे अवसर गंवा दिए
विवाद की शुरुआत बुधवार (25 नवंबर) को हुई थी। अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम सरकारी प्रवास पर मंडला पहुंचे थे। इस दौरान युवाओं और ग्रामीणों से संवाद करते हुए उन्होंने मंडला सांसद को निशाने पर ले लिया।
उन्होंने कहा कि मंडला विकास का अवसर गंवा चुका है। मरकाम के मुताबिक, जिले में संभावनाएं थीं, लेकिन उनका समय पर इस्तेमाल नहीं हुआ। नेताओं ने भी जिले के मुद्दे मजबूती से नहीं उठाए।
सचिव ने कहा था कि मंडला को आदिवासी मद से पर्याप्त बजट मिलता है, लेकिन इसका इस्तेमाल स्थायी संस्थान और रोजगार के अवसर बनाने में नहीं हुआ।
उन्होंने शहडोल, बालाघाट, सिवनी और छिंदवाड़ा में मेडिकल कॉलेज होने का जिक्र करते हुए कहा था कि मंडला में अब तक मेडिकल कॉलेज नहीं खुला। जिले में पॉलिटेक्निक कॉलेज की कमी भी बताई थी।
सांसद बोले- जनता को भड़काने वाले अफसर नहीं चाहिए
मरकाम के इन बयानों पर गुरुवार को डिंडौरी पहुंचे सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते भड़क गए। कुलस्ते ने सख्त लहजे में कहा कि सरकार को बदनाम करने और जनता को भड़काने वाले अफसर नहीं चाहिए, यदि राजनीति करनी है तो वे चुनाव लड़कर जनता के बीच जाएं।
कुलस्ते ने मरकाम से उनके कार्यकाल का हिसाब भी मांगा। पूछा- मुख्यमंत्री के विशेष सहायक रहते मंडला, डिंडौरी, सिवनी और नरसिंहपुर के लिए कितनी योजनाएं बनाईं। कितने काम जमीन पर उतारे? उनकी लोकप्रियता का फैसला कोई नौकरशाह नहीं, जनता करेगी।
कुलस्ते ने साफ कहा कि उनकी लोकप्रियता का फैसला जनता करेगी, कोई नौकरशाह नहीं।
सांसद के जवाब पर मरकार ने जारी किया वीडियो
सांसद की नाराजगी के बाद अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम ने सोशल मीडिया के जरिए अपना पक्ष रखा। उन्होंने सांसद के प्रति सम्मान जताते हुए कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से समझा गया है। यह किसी व्यक्ति विशेष का विरोध नहीं है।
हालांकि, अपनी सफाई में उन्होंने तथ्यों और नियमों का हवाला देते हुए सांसद पर सवाल भी उठाए। मरकाम ने कहा,
2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले चरण में जिन पिछड़े जिलों को मेडिकल कॉलेज की सौगात दी थी, उनमें मंडला भी शामिल था। जब दूसरे जिलों में मेडिकल कॉलेज खुल गए, तो मंडला का प्रोजेक्ट क्यों अटक गया?