राजगढ़/भोपाल : मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा कस्बे के बीच से गुजरी अजनार नदी बेहद प्रदूषित है। पिछले दिनों शहर के एक छात् सुरेंद्र सिंह चौधरी उर्फ बिट्टू तबाही ने इंटरनेट मीडिया पर इसकी सफाई का दावा कर सनसनी फैला दी। उसकी रील सराहना के साथ वायरल हो रही है।
नईदुनिया ने रविवार को ब्यावरा पहुंचकर खुद इसकी पड़ताल की तो अलग तस्वीर दिखी। गंदी नदी व्यावरा के लोगों की स्वच्छता के प्रति बेफिक्री और नगरीय निकाय की बेरुखी की साफ तस्वीर दिखा रही है। इस नदी की सफाई के लिए कोई एक बिट्टू काफी नहीं है, इसके लिए और बिट्टुओं के समर्पण और सरकार के सहयोग की जरूरत होगी।
इस दावे-प्रतिदावे के बीच कुछ ऐसे लोग भी मिले, जिन्होंने छात्र बिट्टू तबाही की कोशिशों की तस्दीक की। नगर पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि पवन कुशवाहा ने बताया कि नगर पालिका समय-समय पर अजनार की सफाई करती रही है। दो माह पहले बिट्टू ने उनसे मशीनरी मांगी, जो हमने निश्शुल्क उपलब्ध कराई।