Select Date:

भोपाल में पहली ही आंधी में बिखर गया बिजली तंत्र, 300 से अधिक कॉलोनियों में अंधेरा, 10 घंटे बत्ती गुल रहने पर चक्का जाम

Updated on 06-06-2026 12:31 PM
भोपाल। प्री-मानसून की पहली तेज आंधी और बारिश ने राजधानी की बिजली व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। एक ओर संत हिरदाराम नगर में भीषण गर्मी के बीच करीब 10 घंटे तक बिजली गुल रहने से नाराज लोगों ने देर रात बस स्टैंड क्षेत्र में चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, वहीं दूसरी ओर भोपाल शहर की 300 से अधिक कॉलोनियां चार से आठ घंटे तक अंधेरे में डूबी रहीं। बिजली बाधित होने से कई क्षेत्रों में पानी की सप्लाई भी प्रभावित हुई और कुछ घरों में गंदा व मटमैला पानी पहुंचा।

बारिश के साथ ही बिजली आपूर्ति ठप

संत हिरदाराम नगर में गुरुवार शाम बारिश के साथ ही बिजली आपूर्ति ठप हो गई। पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण बंद होने से लोगों को पूरी रात उमस और गर्मी में गुजारनी पड़ी। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। कई बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं मिलने पर बड़ी संख्या में रहवासी देर रात बस स्टैंड पहुंचे और चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कराया।

स्थानीय निवासी संतोष यादव के अनुसार क्षेत्र में करीब 10 घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। वहीं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने बिजली समस्या को लेकर बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी है। कांग्रेस प्रवक्ता महेश गुरबानी ने बिजली कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

पहली ही आंधी में बिखर गया बिजली तंत्र

गुरुवार शाम करीब 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली आंधी और बारिश के दौरान शहर के कई हिस्सों में पेड़ बिजली लाइनों, ट्रांसफार्मरों और सब-स्टेशनों पर गिर गए। इसके चलते करीब 200 फीडरों में बड़े और छोटे फाल्ट आ गए। शाम छह बजे से लेकर रात एक बजे तक पवन होम्स, कोहेफिजा, करोंद, शंकराचार्य धाम, द्वारका धाम, सेंट्रल जेल परिसर, लालघाटी, गांधी नगर सहित 300 से अधिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।

कई इलाकों में लोगों को आठ से दस घंटे तक बिजली संकट झेलना पड़ा। कोलार के दानिश कुंज सहित कई क्षेत्रों में बार-बार ट्रिपिंग और कटौती से दैनिक कार्य प्रभावित हुए।

शिकायत प्रणाली भी हुई फेल

बिजली संकट के दौरान उपभोक्ताओं को शिकायत दर्ज कराने में भी परेशानी हुई। बिजली कंपनी के व्हाट्सएप शिकायत नंबर पर संदेश भेजने पर "समथिंग वेंट रॉन्ग, प्लीज ट्राय अगेन आफ्टर सम टाइम" का संदेश आ रहा था। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी और बढ़ गई।

मेंटेनेंस के दावों पर उठे सवाल

बिजली कंपनी पिछले कई महीनों से रखरखाव और सुधार कार्यों के नाम पर विभिन्न इलाकों में चार से आठ घंटे तक बिजली कटौती कर रही थी। दावा किया जा रहा था कि प्री-मानसून तैयारियों के तहत नेटवर्क मजबूत किया जा रहा है। लेकिन पहली ही आंधी में व्यवस्था चरमरा जाने से इन दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं।

एमपी नगर, बैरागढ़, जहांगीराबाद, नीलबड़, अवधपुरी, कोलार, कटारा हिल्स, नर्मदापुरम रोड, लिंक रोड, शिवाजी नगर, बाग मुगलिया, गोविंदपुरा, श्यामला हिल्स, अयोध्या बायपास, तुलसी नगर और बिट्टन मार्केट सहित कई क्षेत्रों में पांच घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।

निगम ने पहले ही दे दी थी अनुमति

भोपाल नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के अनुसार बिजली लाइनों के आसपास पेड़ों की छंटाई के लिए निगम ने एक जनवरी 2026 को ही अनुमति प्रदान कर दी थी। इसके बावजूद समय रहते आवश्यक छंटाई और तैयारी नहीं किए जाने पर अब बिजली कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।



अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 23 July 2026
जबलपुर, ऑनलाइन ठगी के मामलों की जांच में सुस्ती पर मप्र हाई कोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई है। जबलपुर निवासी 70 वर्षीय चैताली मित्रा से 6.25 लाख रुपए की साइबर ठगी…
 23 July 2026
भोपाल, 1991 बैच के आईएएस अशोक वर्णवाल मध्यप्रदेश के नए और कुल 35वें मुख्य सचिव होंगे। सरकार ने बुधवार देर रात 1990 बैच के वरिष्ठ आईएएस डॉ. राजेश राजौरा को सुपरसीड…
 23 July 2026
बड़ा तालाब में अतिक्रमणों को लेकर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने बुधवार को राज्य शासन और स्थानीय प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई। एनजीटी ने कहा कि मामला 2020 से लंबित…
 23 July 2026
भोपाल, मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के समापन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सत्र में एक विनियोग विधेयक सहित 15 विधेयक पारित किए गए, जो जनकल्याण, सुशासन और…
 23 July 2026
भोपाल/ इंदौर/ग्वालियर, गाड़ी पर हूटर लगाकर वीआईपी रुतबा दिखाने का शौक मध्य प्रदेश में खूब सिर चढ़कर बोल रहा है। कोई नेता जैसा दिखना चाहता है तो कोई सड़क पर अलग…
 23 July 2026
भोपाल, भोपाल पुलिस कमिश्नर ने अरेरा हिल्स थाना प्रभारी सुनील शर्मा और आरक्षक नंदकिशोर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।बुधवार को कार्रवाई एक युवक की शिकायत पर की गई…
 23 July 2026
भोपाल, राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य में अवैध रेत खनन के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सरकारों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अदालत ने स्पष्ट…
 23 July 2026
भोपाल, नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध…
 23 July 2026
भोपाल, मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं की जांच करने वाली मुख्य एजेंसी 'आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ' (EOW) की कार्यप्रणाली और मुकदमों के निपटारे की रफ्तार पर सवाल उठ रहे हैं।…
Advt.