भोपाल। मध्य प्रदेश में अगले वर्ष नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के साथ शुरू होने वाले चुनावी दौर को देखते हुए कांग्रेस संगठन को जमीन पर सक्रिय करने जा रही है। विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भाजपा से पिछड़ने के बाद पार्टी अब संगठन सृजन से आगे बढ़कर सीधे मतदाता के घर तक पहुंचने की तैयारी में है।
प्रदेशव्यापी संपर्क अभियान को इसी राजनीतिक रणनीति की अगली कड़ी माना जा रहा है। सितंबर के अंतिम सप्ताह में राहुल गांधी के प्रस्तावित उज्जैन और रीवा दौरे से इसकी शुरुआत होगी। इसमें वे प्रदेश, जिला, ब्लाक, विधानसभा और पंचायत स्तरीय इकाई के पदाधिकारियों को चुनावी तैयारियों की दिशा देंगे।
उधर, संपर्क अभियान में ही प्रत्येक परिवार से 100-100 रुपये की सहयोग निधि ली जाएगी। पारदर्शिता के लिए इसकी रसीद संबंधित व्यक्ति को सहयोग के लिए धन्यवाद के साथ मिलेगी। पूरी व्यवस्था को ऑनलाइन रखा जाएगा, जिससे किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी न हो।