भोपाल: जालसाज ने दुकानदार से सामान ठगा, उसे बेचकर रकम भी बना ली। इसके बाद केस मजबूत करने के नाम पर पुलिस ने उसी दुकानदार से दोबारा सामान मंगवा लिया। अब वह सामान पुलिस के मालखाने में केस प्रापर्टी बनकर जमा है और दुकानदार को कोर्ट की प्रक्रिया पूरी होने तक उसके वापस मिलने का इंतजार करना पड़ेगा।
यह आरोप अलोरा डिजाइन स्टूडियो के संचालक अमित चौकसे ने शाहपुरा पुलिस पर लगाते हुए पुलिस कमिश्नर से शिकायत की है। अमित के अनुसार आरोपित अनिल मिश्रा ने उनकी दुकान से आठ सूट और दो साड़ियां समेत करीब 15 हजार रुपये का सामान खरीदने के बहाने लिया था। भुगतान का झांसा देकर वह सामान लेकर भाग गया और बाद में उसे बेच दिया।
शाहपुरा थाना प्रभारी संतोष मरकाम का कहना है कि आरोपित दुकानदार पर समझौते का दबाव बना रहा है। इसी कारण शिकायतकर्ता ने ये आरोप लगाए हैं। जांच अधिकारी से मामले की पूछताछ कर इसकी जांच करेंगे।