भोपाल के छोला इलाके से गुजरी थिंक गैस की लाइन में शनिवार दोपहर आग लग गई। सूचना मिलने पर फायर टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।

हालांकि, कंपनी ने स्पष्टीकरण जारी करते हुए बताया कि अज्ञात लोगों द्वारा कचरा या मलबा जलाने से आग लगी होगी। सही कारणों की जांच की जा रही है।

घटना दोपहर साढ़े 12 बजे की है। छोला ब्रिज के पास से भूमिगत थिंक पीएनजी लाइन गुजरी है। शनिवार दोपहर में यहां निर्माण कार्य चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जेसीबी से खुदाई के दौरान गैस लाइन लीकेज हुई। इस दौरान आग की लपटें 10 फीट तक उठने लगी।

कंपनी के मुताबिक, इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज करा रही है। सूचना मिलते ही इमरजेंसी टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के लिए गैस सप्लाई बंद कर दी। जरूरी मरम्मत के बाद चरणबद्ध तरीके से सप्लाई बहाल की गई।


कंपनी ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

कंपनी ने बताया कि भूमिगत गैस पाइपलाइनों की सुरक्षा के लिए चेतावनी बोर्ड और रूट मार्कर लगाए गए हैं। कंपनी ने लोगों और निर्माण कार्य करने वाली एजेंसियों से अपील की है कि पाइपलाइन के पास कचरा न जलाएं। खुदाई या निर्माण कार्य शुरू करने से पहले 1800 102 5107 नंबर पर सूचना दें, ताकि पाइपलाइन को नुकसान से बचाया जा सके।

पुलिस, दमकल अमला मौके पर पहुंचा

गैस लाइन लीकेज होने से इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई। ब्रिज पर लोगों की भीड़ लग गई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने लोगों को दूर किया। वहीं, छोला फायर टीम मौके पर पहुंची। फायर फाइटर पंकज यादव समेत टीम ने पानी से आग बुझाई।


कंपनी से लाइन बंद कराई

इधर, थिंक कंपनी से लाइन बंद कराई। तब कहीं जाकर आग पूरी तरह से बुझ सकी। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। कुछ महीने पहले शाहपुरा थाने के सामने भी लाइन लीकेज हो गई थी।